विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sri Lanka To Learn From India Digital Land Management Model Information From Land Registries To Maps

भारत के डिजिटल भूमि प्रबंधन मॉडल को समझेगा श्रीलंका: जमीन की रजिस्ट्री से लेकर नक्शे तक की मिली जानकारी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 26 Nov 2026 06:20 PM IST
सार

  • श्रीलंका के सरकारी अधिकारियों ने भारत की डिजिटल भूमि प्रबंधन व्यवस्था को समझा।

  • DILRMP और नक्षा योजना के तहत जमीन के रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने की जानकारी दी गई।

  • पेपरलेस रजिस्ट्रेशन से जमीन की रजिस्ट्री और नामांतरण की प्रक्रिया होगी आसान।

  • भारत लैंड स्टैक पर जमीन के रिकॉर्ड, नक्शे, रजिस्ट्री और कानूनी विवादों की जानकारी एक जगह मिलेगी।

भारत के डिजिटल भूमि प्रबंधन मॉडल को समझेगा श्रीलंका
भारत के डिजिटल भूमि प्रबंधन मॉडल को समझेगा श्रीलंका - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में जमीन से जुड़े रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने और भूमि प्रबंधन को आसान करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को अब दूसरे देश भी समझ रहे हैं। इसी सिलसिले में श्रीलंका के सरकारी अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को भारत के भूमि संसाधन विभाग का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों को जमीन के रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, जमीन के सर्वे और आधुनिक तकनीक से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग (DoLR) ने श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल के साथ यह बैठक आयोजित की। यह दौरा नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (NCGG) के समन्वय से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा था।

बैठक में भूमि संसाधन विभाग के सचिव दिलीप कुमार ने भारत में जमीन से जुड़े रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से भूमि प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ाने, सरकारी सेवाओं को आसान बनाने और जमीन से जुड़े कामकाज में देरी कम करने में मदद मिल रही है।

उन्होंने कहा कि जमीन के रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण पारदर्शी और बेहतर भूमि प्रबंधन के लिए जरूरी है। इससे नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलती हैं। साथ ही, अलग-अलग देशों के अनुभव साझा करने से भूमि प्रशासन में सुधार के नए रास्ते खुलते हैं।

जमीन के रिकॉर्ड से लेकर रजिस्ट्रेशन तक की दी जानकारी
बैठक के दौरान भूमि संसाधन विभाग के निदेशक श्याम कुमार ने डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम (DILRMP) और नक्षा (NAKSHA) योजना की जानकारी दी। उन्होंने इन योजनाओं के तहत अब तक हुई प्रगति, नई तकनीकों के इस्तेमाल और जमीन के रिकॉर्ड को आधुनिक बनाने के प्रयासों के बारे में बताया।

अधिकारियों को यह भी समझाया गया कि जमीन की रजिस्ट्री और भूमि रिकॉर्ड को किस तरह आपस में जोड़ा जा रहा है। इसके लिए पेपरलेस रजिस्ट्रेशन और ऑटोमैटिक म्यूटेशन (नामांतरण) की व्यवस्था विकसित की जा रही है।

इस व्यवस्था के तहत जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ी जानकारी इलेक्ट्रॉनिक तरीके से राजस्व विभाग तक पहुंचती है। इससे जमीन के रिकॉर्ड में नए मालिक का नाम दर्ज करने की प्रक्रिया तेज होती है। साथ ही कागजी कामकाज और अधिकारियों के स्तर पर होने वाली देरी भी कम होती है।

भारत लैंड स्टैक की भी दी जानकारी
श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल को भारत लैंड स्टैक (Bharat Land Stack) के बारे में भी बताया गया। यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिस पर जमीन से जुड़ी अलग-अलग जानकारियां एक जगह उपलब्ध कराने की योजना है।

इसमें जमीन के रिकॉर्ड, भौगोलिक जानकारी (GIS), संपत्ति का रजिस्ट्रेशन, जमीन के इस्तेमाल से जुड़े नियम, भवन निर्माण की मंजूरी और जमीन से जुड़े कानूनी विवादों की जानकारी शामिल होगी। इससे किसी भी जमीन से जुड़ी जरूरी जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखना आसान होगा।

श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वहां की अतिरिक्त भूमि आयुक्त आई.बी. गुणावर्धना ने किया। इसमें श्रीलंका के भूमि, सर्वेक्षण और प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल में नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के एसोसिएट प्रोफेसर और कोर्स समन्वयक डॉ. एपी सिंह भी मौजूद रहे।

इस बैठक से भारत और श्रीलंका के बीच डिजिटल भूमि प्रबंधन, आधुनिक तकनीक और जमीन के रिकॉर्ड में सुधार से जुड़े अनुभव साझा करने का अवसर मिला। दोनों देशों के बीच इस क्षेत्र में आगे सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन