Home›Khabar Junction›
Shivraj Singh Chouhan Visited Punjab Farmlands Told Farmers Chemical Fertilizers Stubble Spoiling Health Soil
पंजाब के खेतों में पहुंचे शिवराज सिंह चौहान : किसानों से बोले- मिट्टी की सेहत बिगाड़ रही रासायनिक खाद और पराली
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 25 Nov 2026 02:32 PM IST
सार
पंजाब के बूूह हवेलियां गांव में छह साल से पराली नहीं जलाई जा रही है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की तारीफ की और मिट्टी बचाने के साथ फसल बीमा योजना लागू करने की अपील की।
पंजाब के खेतों में पहुंचे शिवराज सिंह चौहान
- फोटो : सोशल मीडिया
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को पंजाब के तरनतारन जिले के बूूह हवेलियां गांव में किसानों के साथ बैठक की और खेतों में जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने उन किसानों और पंचायतों की तारीफ की, जो पिछले छह साल से पराली जलाए बिना खेती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस गांव ने पराली प्रबंधन का ऐसा रास्ता दिखाया है, जिसे देश के दूसरे किसान भी अपना सकते हैं।
किसान चौपाल में किसानों के बीच बैठकर बातचीत करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे यहां कोई बड़ी राजनीतिक सभा करने नहीं, बल्कि किसानों की समस्याएं और सुझाव सुनने आए हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने की अपील भी की, ताकि बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से फसल बर्बाद होने पर किसानों को मुआवजा मिल सके।
पराली जलाए बिना खेती कर रहा गांव, छह साल से जारी है पहल
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंजाब के किसानों ने हरित क्रांति के जरिए देश को खाद्यान्न संकट से बाहर निकालने में बड़ी भूमिका निभाई थी। जब भारत को विदेशों से गेहूं मंगाना पड़ता था, तब पंजाब के किसानों ने अपनी मेहनत से देश के अनाज भंडार भर दिए।
उन्होंने कहा कि अब खेती के सामने मिट्टी की सेहत बचाने की चुनौती है। रासायनिक खाद और कीटनाशकों के ज्यादा इस्तेमाल के साथ पराली जलाने से जमीन की उर्वरता प्रभावित हो रही है। इससे मिट्टी में मौजूद केंचुए और फसलों के लिए फायदेमंद कीट भी खत्म हो रहे हैं।
उन्होंने बूूह हवेलियां और आसपास के गांवों के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि यहां पिछले छह साल से पराली नहीं जलाई जा रही है। किसान हैप्पी सीडर और सीधे बुवाई जैसी तकनीकों को अपना रहे हैं। यह पहल देश के लिए खेती और मिट्टी बचाने का नया रास्ता दिखाती है।
कृषि मशीनों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
किसान चौपाल में प्रगतिशील किसान सुखविंदर सिंह, जतिंदर सिंह और पूर्व सरपंच गुरनाम सिंह ने पराली प्रबंधन में आने वाली समस्याओं और बेलर मशीनों पर मिलने वाली सब्सिडी से जुड़े सुझाव रखे। किसानों ने सब्सिडी पर मिलने वाली कृषि मशीनों की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायतें कीं।
इस पर केंद्रीय मंत्री ने किसानों को इन समस्याओं पर विस्तार से चर्चा के लिए दिल्ली बुलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार इस साल भी पंजाब को फसल अवशेष प्रबंधन (CRM) के लिए करीब 286 करोड़ रुपये दे रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों को इसके लिए पैसा उपलब्ध कराती है, जबकि मशीनों की खरीद और उनकी गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है। पंजाब सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाली मशीनें मिलें। मशीन खराब होने पर उनकी मरम्मत की भी उचित व्यवस्था होनी चाहिए।
पंजाब में फसल बीमा योजना लागू करने की अपील
शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं होने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और बाढ़ से फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में फसल बीमा योजना किसानों को नुकसान की भरपाई में मदद कर सकती है।
उन्होंने बताया कि बाढ़ के दौरान भी उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस योजना को लागू करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि खेती को फायदे का व्यवसाय बनाने के लिए उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत घटाना भी जरूरी है। इसके लिए फसल विविधीकरण के साथ पशुपालन, मछली पालन और मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों को भी अपनाना चाहिए।
MSP पर धान-गेहूं की पूरी खरीद का भरोसा
किसान चौपाल के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान और गेहूं की पूरी उपज खरीदती है। इसके अलावा तुअर, मसूर और उड़द जैसी दलहनी फसलों के साथ कपास की भी MSP पर खरीद सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार ने पिछली यूपीए सरकार की तुलना में किसानों की फसलों की अधिक खरीद की है और आगे भी किसानों के हित में खरीद जारी रहेगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।