विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sugar Industry Deadline Duty Free Import 1 Million Tonnes Extended Sale Refined Sugar Extended Till September

चीनी उद्योग को डबल राहत: 10 लाख टन शुल्क-मुक्त आयात की मियाद बढ़ी, रिफाइंड शुगर बेचने को सितंबर तक समय

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 01:45 PM IST
सार

केंद्र सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा 31 मार्च 2027 और रिफाइंड चीनी की घरेलू बिक्री की अवधि 30 सितंबर 2027 तक बढ़ा दी है।

चीनी
चीनी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्र सरकार ने चीनी उद्योग को राहत देते हुए कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात और उसे रिफाइंड करके घरेलू बाजार में बेचने की समयसीमा बढ़ा दी है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अंतिम तारीख तीन महीने बढ़ाकर 31 मार्च 2027 कर दी है। वहीं, आयातित कच्ची चीनी को सफेद या रिफाइंड चीनी में बदलकर घरेलू बाजार में बेचने की समयसीमा 30 सितंबर 2027 तक कर दी गई है। इससे चीनी मिलों और रिफाइनरी को कच्ची चीनी मंगाने, उसकी प्रोसेसिंग करने और बाजार में बेचने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।

10 लाख टन चीनी का शुल्क-मुक्त आयात मार्च तक
डीजीएफटी ने 25 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 51/2026-27 के जरिए 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा बढ़ाई है। इसके तहत अब 31 मार्च 2027 तक तय कोटे में कच्ची चीनी का आयात किया जा सकेगा। इस कोटे की मात्रा पहले की तरह 10 लाख टन ही रहेगी।

सरकार ने यह फैसला विदेश व्यापार नीति (FTP) 2023 और विदेशी व्यापार (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1992 के प्रावधानों के तहत लिया है। आयात नीति में संशोधन करते हुए कच्ची चीनी को शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी गई है। इस दौरान तय कोटे के भीतर आयात पर पहले की तरह कोई सीमा शुल्क नहीं लगेगा।

दूसरी बार बढ़ाई गई आयात की समयसीमा
सरकार ने घरेलू बाजार में चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए 20 अगस्त 2026 को पहली बार 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी थी। इसके लिए शुरुआत में 31 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया था। बाद में अक्टूबर में डीजीएफटी ने इसकी समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी थी। अब एक बार फिर इसमें तीन महीने की बढ़ोतरी की गई है।

इस तरह सरकार ने दूसरी बार आयात की समयसीमा बढ़ाई है। करीब एक दशक बाद पहली बार इस तरह का टैरिफ दर कोटा (TRQ) खोला गया था। इसका उद्देश्य घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाना और कीमतों पर दबाव कम करना है।

कच्ची चीनी को रिफाइंड कर बेचने के लिए सितंबर तक समय
आयात की समयसीमा बढ़ाने के साथ सरकार ने कच्ची चीनी को सफेद या रिफाइंड चीनी में बदलकर घरेलू बाजार में बेचने की अवधि भी बढ़ाई है। डीजीएफटी ने 25 नवंबर को जारी सार्वजनिक सूचना संख्या 43/2026-27 के जरिए इसकी अंतिम तारीख 30 सितंबर 2027 कर दी है।

इससे पहले 20 अगस्त 2026 को जारी सार्वजनिक सूचना संख्या 27/2026-27 में इसकी समयसीमा तय की गई थी। अब चीनी मिलों और रिफाइनरी को आयातित कच्ची चीनी की प्रोसेसिंग और घरेलू बाजार में बिक्री के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पहले जारी आदेश की बाकी सभी शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी।

अब तक सिर्फ 2.6 लाख टन चीनी का आयात
उद्योग के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में आयात की समयसीमा बढ़ाए जाने तक 10 लाख टन के तय कोटे में से करीब 2.6 लाख टन कच्ची चीनी का ही आयात हो पाया था। आयात की रफ्तार धीमी रहने के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों की स्थिति भी एक अहम वजह है।

नई समयसीमा से कोटे के तहत आयात की अनुमति पाने वाली चीनी मिलों और रिफाइनरी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सौदे करने और कच्ची चीनी मंगाने के लिए ज्यादा समय मिलेगा। इससे उन्हें 2026-27 के पेराई सीजन के दौरान आयात और रिफाइनिंग की योजना बनाने में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन