विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Indian Shrimp Exports Rise On Improved Demand From Us Shipments To China And Japan Also Increase

Shrimp Business: अमेरिका से मांग सुधरने पर भारतीय झींगा निर्यात में तेजी, चीन-जापान को शिपमेंट भी बढ़ा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 01:45 PM IST
सार

अमेरिकी बाजार में मांग सुधरने से भारत के झींगा निर्यात में तेजी आई है। चीन और जापान को निर्यात बढ़ा, जबकि तैयार झींगा उत्पादों की मांग में भी उछाल का अनुमान है।

झींगा
झींगा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के झींगा निर्यात उद्योग के लिए अच्छी खबर है। अमेरिकी बाजार में मांग सुधरने और दूसरे देशों से नए कारोबारी अवसर मिलने के कारण भारतीय झींगा निर्यात में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। साथ ही, अब निर्यातक केवल कच्चे झींगे के बजाय तैयार और प्रसंस्कृत (वैल्यू एडेड) उत्पादों पर भी ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। इससे भारतीय समुद्री खाद्य उद्योग को अधिक कमाई की उम्मीद है।

जनवरी से अगस्त 2026 के दौरान भारत का कुल झींगा निर्यात 4 प्रतिशत बढ़कर 5,31,105 टन हो गया। अमेरिकी बाजार में भी स्थिति सुधरी है। वर्ष 2025 में अमेरिका को झींगा निर्यात में 9 प्रतिशत की गिरावट आई थी, जो जनवरी-अगस्त 2026 के दौरान घटकर 2 प्रतिशत रह गई। वहीं, चीन को निर्यात में 21 प्रतिशत और जापान को निर्यात में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

तैयार झींगा उत्पादों की मांग में ज्यादा तेजी
कच्चे झींगे के निर्यात में अगस्त 2026 तक करीब 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि तैयार और प्रसंस्कृत झींगा उत्पादों का निर्यात 5 प्रतिशत बढ़ा। इससे पता चलता है कि भारतीय निर्यातक अब अधिक मूल्य वाले उत्पादों की ओर बढ़ रहे हैं।

क्रिसिल रेटिंग्स के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में भारतीय झींगा निर्यात कंपनियों की कमाई में 10 से 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। इसकी वजह अमेरिका से मांग में सुधार, निर्यात कीमतों में बढ़ोतरी और तैयार उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ना है।

क्रिसिल का अनुमान है कि इस दौरान झींगा निर्यात की मात्रा 4 से 6 प्रतिशत बढ़ सकती है। वहीं, निर्यात से मिलने वाली औसत कीमत में 5 से 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। रुपये की कीमत में गिरावट और अधिक मूल्य वाले उत्पादों की बिक्री बढ़ने से निर्यातकों को फायदा मिल सकता है।

कुल निर्यात में 45 फीसदी हिस्सेदारी अमेरिका की
अमेरिका को झींगा के ऑर्डर और आपूर्ति में दूसरी तिमाही से सुधार देखने को मिला है। अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 में भारत के कुल झींगा निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी करीब 45 प्रतिशत हो सकती है। पिछले वित्त वर्ष में यह हिस्सेदारी लगभग 38 प्रतिशत थी।

वैल्यू एडेड उत्पादों के निर्यात में 20 फीसदी तक वृद्धि का अनुमान
क्रिसिल के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में तैयार और प्रसंस्कृत झींगा उत्पादों के निर्यात में 18 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे कुल झींगा निर्यात में इन उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़कर 14 से 15 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। दो साल पहले यह हिस्सेदारी करीब 10 प्रतिशत थी।

एक्वाकनेक्ट के संस्थापक राजामनोहर सोमसुंदरम ने बिजनेस लाइन से कहा कि पिछले एक साल में कई व्यापारिक चुनौतियों के बावजूद अमेरिकी बाजार में मांग का सुधरना भारतीय झींगा उद्योग के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उद्योग की तरक्की केवल मांग बढ़ने पर निर्भर नहीं करेगी, बल्कि निर्यातकों को तैयार समुद्री खाद्य उत्पादों पर ध्यान देना होगा। ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (EU) के बाजारों में भी नए अवसर बन रहे हैं। इससे भारतीय निर्यातकों को अपना कारोबार बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत जगह बनाने में मदद मिलेगी।

अब कई उत्पादों और बाजारों पर ध्यान दे रहे निर्यातक
सीफूड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव के.एन. राघवन ने कहा कि भारतीय झींगा उद्योग ने कई चुनौतियों के बावजूद अपनी मजबूती दिखाई है। कैलेंडर वर्ष 2026 के पहले आठ महीनों में निर्यात कारोबार बढ़ना इसका संकेत है।

उन्होंने बताया कि अब उद्योग एक ही उत्पाद, एक ही प्रजाति और एक ही बाजार पर निर्भर रहने के बजाय कई उत्पादों, अलग-अलग प्रजातियों और कई देशों के बाजारों पर ध्यान दे रहा है। इसके चलते ब्लैक टाइगर झींगा का निर्यात बढ़ा है। साथ ही, तैयार उत्पादों की हिस्सेदारी और यूरोपीय संघ, चीन, रूस तथा दक्षिण-पूर्व एशिया को निर्यात भी बढ़ा है।

राघवन के मुताबिक, आने वाले वर्षों में भी यह बदलाव जारी रहने की उम्मीद है। सरकार की ओर से किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) से भारतीय निर्यातकों को नए बाजारों में बेहतर कारोबारी अवसर मिल सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन