विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Tamil Nadu Prepares Deal With El Nino Weak Monsoon 19 Officers Oversee Agriculture In State

तमिलनाडु : अल नीनो और कमजोर मानसून से निपटने की तैयारी, राज्य में 19 अधिकारी संभालेंगे खेती की निगरानी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 02:01 PM IST
सार

तमिलनाडु सरकार ने मौसम की अनिश्चितता और फसल नुकसान से निपटने के लिए 19 वरिष्ठ कृषि अधिकारियों को जिला निगरानी अधिकारी बनाया है। ये खाद-बीज, फसल बीमा और किसान योजनाओं पर नजर रखेंगे।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तमिलनाडु सरकार ने मौसम की अनिश्चितता और खेती से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। राज्य के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के 19 वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग जिलों का निगरानी अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी फसलों की स्थिति, खाद-बीज की उपलब्धता और किसानों के लिए चल रही सरकारी योजनाओं पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही गन्ने की पेराई, किसानों का पंजीकरण और उन्हें मिलने वाले प्रोत्साहन भुगतान की भी निगरानी करेंगे।

सरकार ने 17 नवंबर को इन अधिकारियों की नियुक्ति की। प्रत्येक अधिकारी को एक से तीन जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। वे कृषि, बागवानी, बागान फसलों, कृषि इंजीनियरिंग, कृषि विपणन, बीज प्रमाणन और चीनी विभागों के साथ मिलकर काम करेंगे।

गन्ना किसानों के भुगतान और चीनी मिलों पर भी नजर
नियुक्त अधिकारियों को गन्ना किसानों के पंजीकरण, चीनी मिलों में गन्ने की पेराई और किसानों को मिलने वाले प्रोत्साहन भुगतान की निगरानी करने का जिम्मा दिया गया है। इसके अलावा वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले खाद, बीज और फसलों को कीटों से बचाने वाली दवाएं समय पर उपलब्ध हों।

अल नीनो और कमजोर मानसून से फसलों की सुरक्षा पर जोर
राज्य सरकार ने अधिकारियों को अल नीनो के प्रभाव और उत्तर-पूर्वी मानसून की अनियमित बारिश के बीच फसलों की स्थिति पर विशेष नजर रखने को कहा है। उन्हें फसल खराब होने, बुवाई में असफलता और सूखे-बाढ़ जैसी स्थितियों की जानकारी जुटाकर सरकार को रिपोर्ट देनी होगी।

इसके अलावा अधिकारी किसानों का पंजीकरण, डिजिटल फसल सर्वेक्षण, फसल बीमा में नामांकन और खराब हो चुकी फसलों को दोबारा उबारने के प्रयासों की भी निगरानी करेंगे। जरूरत पड़ने पर खेती के बीच मौसम या अन्य कारणों से पैदा हुई समस्याओं से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

किसानों से सीधे बात कर समस्याएं सुलझाएंगे अधिकारी
23 नवंबर को हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र किसानों तक पहुंचे।

अधिकारियों को गांवों और खेतों का दौरा कर किसानों से सीधे बातचीत करने और खेती से जुड़ी उनकी समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह व्यवस्था पहले से चल रही निगरानी प्रणाली के अतिरिक्त होगी। इसके तहत कृषि, बागवानी और कृषि विपणन विभाग के निदेशक पहले ही सप्ताह में दो बार जिलों का दौरा कर खेतों और योजनाओं की स्थिति का जायजा लेते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन