विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Seed Industry Summit Asian African Seed Companies Bengaluru Providing Indian Businesses Global Market

Seed Industry Summit: बेंगलुरु में जुटेंगी एशिया-अफ्रीकी बीज कंपनियां, भारतीय कारोबार को मिलेगा ग्लोबल बाजार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 16 Nov 2026 11:12 AM IST
सार

बेंगलुरु में जनवरी 2027 में एशिया-अफ्रीका सीड ट्रेड एंड इनोवेशन समिट होगा। जानिए कैसे इस सम्मेलन से भारतीय बीज कंपनियों को विदेशी बाजार, निवेश और नए कारोबार के अवसर मिल सकते हैं।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में बीज कारोबार और कृषि तकनीक को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। जनवरी 2027 में बेंगलुरु में एशिया-अफ्रीका सीड ट्रेड एंड इनोवेशन समिट का आयोजन किया जाएगा। इसमें एशिया और अफ्रीका के कई देशों की बीज कंपनियां, निवेशक, अंतरराष्ट्रीय खरीदार, नीति निर्माता और कृषि विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।

इंटरनेशनल ट्रेड एंड डेलीगेशन फेडरेशन ऑफ चैंबर्स (ITDFC) के मुताबिक, यह दो दिवसीय सम्मेलन 12 और 13 जनवरी 2027 को बेंगलुरु में होगा। इसका उद्देश्य एशिया और अफ्रीका के बीच बीज कारोबार, निवेश, तकनीक के आदान-प्रदान और कृषि क्षेत्र में नए शोध को बढ़ावा देना है।

बीज कारोबार और नई तकनीक पर होगा फोकस
इस सम्मेलन का आयोजन ITDFC की ओर से किया जा रहा है। इसमें अफ्रीकन-एशियन रूरल डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (AARDO) रणनीतिक साझेदार के रूप में सहयोग करेगा। सम्मेलन में खास तौर पर हाइब्रिड सब्जियों के बीज, अंतरराष्ट्रीय बीज कारोबार, निवेश, नई कृषि तकनीक और शोध में आपसी सहयोग पर चर्चा होगी।

इस आयोजन के जरिए बीज कंपनियों, तकनीक उपलब्ध कराने वाली संस्थाओं, निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जाएगी। इससे कंपनियों को नए बाजारों में कारोबार बढ़ाने और दूसरे देशों के साथ लंबे समय तक व्यापारिक संबंध बनाने का मौका मिलेगा।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से भी जुड़ा आयोजन
यह सम्मेलन भारत के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से भी जुड़ा है। इसके तहत भारतीय कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने, कृषि क्षेत्र में नई तकनीक लाने और विदेशी निवेश को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य बेंगलुरु को अंतरराष्ट्रीय बीज उद्योग के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इससे कर्नाटक के बीज उत्पादन क्षेत्र और भारत की कृषि क्षमताओं को एशिया और अफ्रीका के उभरते बाजारों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

कई देशों की कंपनियां और प्रतिनिधिमंडल होंगे शामिल
आयोजकों को उम्मीद है कि इस सम्मेलन में केन्या, तंजानिया, घाना, टोगो, इंडोनेशिया, चीन, थाईलैंड और दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों की बीज कंपनियां और प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। इस आयोजन से भारतीय बीज कंपनियों को विदेशी खरीदारों और निवेशकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही, बीज कारोबार में नई तकनीक, निवेश और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के रास्ते भी खुल सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन