विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Report Consumption Momentum To Remain Strong In India Concerns Over Potential Pressure On Rural Demand Due T

Report: भारत में मजबूत रहेगी खपत की रफ्तार, सुपर अल नीनो और खाद्य महंगाई से ग्रामीण मांग पर दबाव की आशंका

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 15 Nov 2026 05:24 PM IST
सार

  • किसी भी अर्थव्यवस्था के विकास में खपत अहम भूमिका निभाती है
  • एक रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले सालों में भारत की खपत में बढ़ोतरी की रफ्तार मजबूत रहने की उम्मीद
  • ग्रामीण आय पर दबाव और खाद्य महंगाई से खपत पर खराब असर की आशंका
  • युवा आबादी, डिजिटल माध्यम और प्रीमियम उत्पादों की मांग से मिलेगा सहारा
  • अगले दशक में खपत को दिशा देंगे पांच बड़े बदलाव, जेन जी की हिस्सेदारी 45%
  • कंपनियों के लिए एआई, क्विक कॉमर्स और बेहतर सप्लाई चेन बनेंगे अहम

यह माना जा रहा है कि चुनावी खर्च का पैसा लोगों की जेब में पहुंचेगा और ग्रामीण खपत बढ़ेगी।
यह माना जा रहा है कि चुनावी खर्च का पैसा लोगों की जेब में पहुंचेगा और ग्रामीण खपत बढ़ेगी। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसी भी देश की अर्थव्यवस्था के विकास में खपत अहम भूमिका निभाती है। 360 वन कैपिटल की एक शोध रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले सालों में भारत की खपत में बढ़ोतरी की दर मजबूत बने रहने की उम्मीद है। देश की युवा आबादी, लोगों की बढ़ती आकांक्षाएं, बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पादों के प्रति बढ़ता रुझान और डिजिटल माध्यमों को तेजी से अपनाए जाने से इस बढ़त को लगातार सहारा मिलेगा।

दूसरी तरफ रिपोर्ट में साफ किया गया है कि ग्रामीण आय पर दबाव और खाद्य महंगाई के कारण निकट भविष्य में मांग पर कुछ असर पड़ सकता है। हालिया त्योहारी सीजन में दिखी मजबूत मांग ने बाजार के इस लचीलेपन पर ब्रोकरेज के भरोसे को बढ़ाया है और फर्म ने इस क्षेत्र को लेकर अपना सकारात्मक रुख बरकरार रखा है।

त्योहारी मांग से बढ़ा भरोसा, आय के हिसाब से मांग असमान
रिपोर्ट के अनुसार, जैसे-जैसे प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी होगी, वैसे-वैसे उत्पादों की पहुंच बढ़ने की गुंजाइश भी तैयार होगी। हालांकि, ब्रोकरेज फर्म ने आगाह किया है कि अलग-अलग आय वर्गों के बीच मांग असमान रह सकती है, जिसमें बड़े पैमाने पर बिकने वाली आम वस्तुओं के मुकाबले प्रीमियम उत्पादों की मांग बेहतर बनी रह सकती है। फर्म ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में शहरी मास-मार्केट खपत में सुधार देखने को मिल सकता है।

सुपर अल नीनो और कम बारिश से ग्रामीण खपत पर असर की आशंका
रिपोर्ट में सुपर अल नीनो, कम बारिश और कृषि आय पर पड़ने वाले संभावित दबाव के चलते ग्रामीण मांग को लेकर चिंता जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, शहरों के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में परिवारों के कुल खर्च का एक बड़ा हिस्सा खाने-पीने की चीजों पर खर्च होता है, इसलिए खाद्य महंगाई ग्रामीण खपत को और अधिक सीमित कर सकती है। रिपोर्ट में साफ किया है कि मौसम में बदलाव और सुपर अल नीनो के प्रभाव को देखते हुए खाद्य महंगाई पर करीबी नजर रखना जरूरी है।

अगले दशक में खपत को दिशा देंगे 5 बड़े बदलाव, जेन जी की 45% हिस्सेदारी
उपभोक्ता क्षेत्र में हो रहे संरचनात्मक बदलावों को रेखांकित करते हुए 360 वन कैपिटल ने पांच प्रमुख बिंदुओं की पहचान की है। रिपोर्ट के अनुसार, बाजार का औपचारिक होना (कैटेगरी फॉर्मलाइजेशन), प्रीमियम उत्पाद खरीदना, डिजिटल माध्यमों को अपनाना, क्विक कॉमर्स और सेहत पर बढ़ता खर्च आने वाले एक दशक में खपत को दिशा देने वाले मुख्य कारक होंगे। इसके साथ ही रिपोर्ट में उद्योग जगत के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि कुल खपत में 'जेन जी' (नई पीढ़ी के युवा उपभोक्ताओं) की हिस्सेदारी लगभग 45 प्रतिशत हो चुकी है, जो बाजार पर गहरा असर डाल रही है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि बदलते उपभोक्ता व्यवहार के बीच कंपनियों का बाजार में टिके रहना और उभरते डी2सी ब्रांड्स समेत बड़े व्यापारिक समूहों से मुकाबला करना सफलता की कुंजी होगा। इसके लिए कंपनियों को एआई का उपयोग कर अपनी उत्पादकता बढ़ानी होगी, सप्लाई-चेन को फुर्तीला बनाना होगा और नए उत्पादों को तेजी से बाजार में उतारना होगा। इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से लागत के मोर्चे पर कुछ राहत तो मिल सकती है, लेकिन दूध, चीनी और पैकेजिंग की लागत के साथ-साथ खाद्य महंगाई पर लगातार नजर बनाए रखना बेहद जरूरी रहेगा।


विज्ञापन
विज्ञापन