Home›Khabar Junction›
Chhattisgarh Procurement Begins 68 Paddy Procurement Centres In Korba First Farmer Sells 12 80 Quintals
छत्तीसगढ़ : कोरबा में 68 धान खरीदी केंद्रों पर शुरू हुई खरीद, पहले किसान ने बेचा 12.80 क्विंटल उपज
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 15 Nov 2026 06:03 PM IST
सार
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 15 नवंबर से 68 केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई। हरदीबाजार की पहली किसान गीतांजलि डहरिया ने 12.80 क्विंटल धान बेचा। खरीदी की निगरानी कमांड सेंटर से होगी।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शनिवार, 15 नवंबर से शुरू हो गई। जिले के सभी 68 धान खरीदी केंद्रों पर पूजा-अर्चना के साथ खरीद की शुरुआत हुई। हरदीबाजार धान उपार्जन केंद्र में अतिथियों ने विधि-विधान से पूजा-पाठ कर खरीदी सत्र का शुभारंभ किया।
इस मौके पर हरदीबाजार की किसान गीतांजलि डहरिया का स्वागत किया गया। वह केंद्र में धान बेचने वाली पहली किसान बनीं। उन्होंने 12 क्विंटल 80 किलो धान बेचा। पहली किसान के धान बेचने के साथ ही केंद्र में मौजूद अन्य किसानों में भी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में सरपंच लोकेश्वर कंवर, विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन, जनपद सदस्य प्रतिनिधि अनिल टंडन, नोडल अधिकारी मनमोहन पैकारा और केंद्र प्रबंधक डाकेश्वर पांडे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ जिले के हर किसान तक पहुंचना चाहिए। धान बेचने के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खरीदी केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने पर जोर दिया। किसानों को उम्मीद है कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने से उन्हें अपनी उपज का उचित दाम मिलेगा।
जिला प्रशासन ने धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया है। इसके माध्यम से जिले के सभी खरीदी केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत के आदेश पर 4 नवंबर को जांच समितियों और उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया था। ये दल जिला और तहसील स्तर पर धान खरीदी की निगरानी करेंगे। कमांड सेंटर का नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव को बनाया गया है। प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी में गड़बड़ी रोकना और किसानों को बिना परेशानी अपनी उपज बेचने की सुविधा देना है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।