विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Even If The War Ends Fertilizer Will Not Become Cheaper Until 2027 Shortage Of Raw Materials Affecting Facto

युद्ध रुका तो भी 2027 तक सस्ती नहीं होगी खाद : कच्चे माल की कमी से भारत समेत कई देशों में कारखानों पर असर

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 19 Nov 2026 06:41 PM IST
सार

  • राबोबैंक की रिपोर्ट के अनुसार, रूस-यूक्रेन और अमेरिका-ईरान संघर्ष खत्म होने के बाद भी खाद और ईंधन की कीमतें 2027 तक ऊंची रह सकती हैं।
  • होर्मुज से दुनिया का करीब 30% यूरिया, 25% अमोनिया व्यापार और 47-49% सल्फर निर्यात होता है। समुद्री मार्ग में रुकावट से इनकी सप्लाई प्रभावित हुई है।
  • कोबैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य पूर्व के 31 अमोनिया प्लांट प्रभावित हुए हैं, जबकि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के 49 प्लांट कच्चे माल की कमी से कम क्षमता पर चल रहे हैं या बंद हैं।

वैश्विक बाजार में खाद की ऊंची कीमतें जल्द नरम पड़ते नहीं दिख रही हैं।
वैश्विक बाजार में खाद की ऊंची कीमतें जल्द नरम पड़ते नहीं दिख रही हैं। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राबोबैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस-यूक्रेन और अमेरिका-ईरान संघर्ष खत्म होने के बाद भी खाद की कीमतों में जल्द राहत मिलने की उम्मीद कम है। खाद बनाने वाली फैक्ट्रियों को नुकसान, कच्चे माल की कमी और समुद्री रास्तों में रुकावट के कारण अगले बुवाई सीजन तक कीमतें ऊंची रह सकती हैं। इसका असर किसानों के खाद इस्तेमाल और फसलों की पैदावार पर भी पड़ने की आशंका है।

अगले बुवाई सीजन से पहले कीमतें घटने की उम्मीद कम
राबोबैंक के मुताबिक, वैश्विक बाजार में खाद की कीमतों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। अगले वसंत की बुवाई से पहले दामों में बड़ी गिरावट आने की संभावना कम है। मौजूदा संकट का सबसे ज्यादा असर नाइट्रोजन और फॉस्फेट खाद पर पड़ रहा है। वहीं, यूरिया की कीमतें और बढ़ने का खतरा बना हुआ है।

होर्मुज जलडमरूमध्य से खाद की सप्लाई प्रभावित
अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद फारस की खाड़ी से नाइट्रोजन, यूरिया, अमोनिया, फॉस्फेट और सल्फर की सप्लाई में भारी गिरावट आई है। इंटरनेशनल फूड पॉलिसी रिसर्च इंस्टीट्यूट (IFPRI) के सितंबर में जारी शोध पत्र के अनुसार, इस क्षेत्र से इन उत्पादों का निर्यात लगभग बंद हो गया है या संघर्ष से पहले के मुकाबले 80 से 83 फीसदी तक घट गया है।

शोध पत्र के मुताबिक, दुनिया के करीब 30 फीसदी यूरिया, 25 फीसदी अमोनिया व्यापार और 47 से 49 फीसदी सल्फर निर्यात की आवाजाही होर्मुज जलडमरूमध्य के समुद्री रास्ते से होती है। इस रास्ते पर जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से खाद की सप्लाई के साथ-साथ उसके उत्पादन के लिए जरूरी कच्चे माल की उपलब्धता भी प्रभावित हुई है।

भारत समेत कई देशों में खाद बनाने वाले प्लांट प्रभावित
कोबैंक की अगस्त में आई रिपोर्ट के अनुसार, मध्य पूर्व में 31 अमोनिया प्लांट संघर्ष से सीधे प्रभावित हुए हैं या वहां उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं, कच्चे माल की कमी के कारण भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश में 49 प्लांट कम क्षमता पर चल रहे हैं या बंद हो गए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के ड्रोन हमलों में रूस के कम से कम 20 खाद प्लांट को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, सल्फर की कमी ने फॉस्फेट खाद बनाने वाली कंपनियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तरी अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, लिथुआनिया और ब्राजील में भी फॉस्फेट खाद के उत्पादन में कटौती की गई है। कोबैंक का अनुमान है कि फॉस्फेट खाद की कीमतें 2028 तक युद्ध से पहले के स्तर से ऊपर रह सकती हैं।

महंगी खाद के कारण किसान घटा रहे इस्तेमाल
खाद की बढ़ती कीमतों का असर किसानों के इस्तेमाल पर भी दिखने लगा है। कोबैंक की रिपोर्ट के अनुसार, हाल के वर्षों में फॉस्फेट और पोटाश का इस्तेमाल 10 से 15 फीसदी तक घटा है। वहीं, राबोबैंक के अनुमान के मुताबिक, दुनिया भर में किसानों ने खाद की मांग कम कर दी है। पिछले साल की चौथी तिमाही में फॉस्फेट की मांग सालाना आधार पर 20 फीसदी गिर गई थी।

अमेरिकन फार्म ब्यूरो के इस साल की शुरुआत में किए गए सर्वे में भी खाद की बढ़ती कीमतों का असर सामने आया था। सर्वे के मुताबिक, करीब 70 फीसदी अमेरिकी किसान 2026 की फसलों के लिए जरूरी पूरी खाद खरीदने में सक्षम नहीं थे।

ब्राजील में खाद की खपत घटने का अनुमान
राबोबैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, खाद की बढ़ती कीमतों के कारण अलग-अलग देशों में किसान अपनी खेती के तरीकों में बदलाव कर रहे हैं। ब्राजील में खाद की खपत 2025 के 5.9 करोड़ टन से घटकर 2026 में 4.1 करोड़ टन रहने का अनुमान है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के किसान ऐसी दलहनी फसलों की खेती की ओर बढ़ रहे हैं, जिनमें नाइट्रोजन खाद की जरूरत कम होती है। रिपोर्ट के अनुसार, इन बदलावों का असर फसल उत्पादन के तरीकों पर पड़ सकता है। ब्राजील में सोयाबीन की खेती का दायरा बढ़ने में भी इससे रुकावट आ सकती है।

खाद की कमी से फसलों की पैदावार पर पड़ सकता है असर
कोबैंक और राबोबैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, खाद का इस्तेमाल कम होने से फसलों की पैदावार पर कितना असर पड़ेगा, यह मिट्टी की उपजाऊ क्षमता, मौसम और खाद की कमी किस समय हुई है, इस पर निर्भर करेगा।

अमेरिका, कनाडा, अर्जेंटीना और यूक्रेन के जिन इलाकों में मिट्टी प्राकृतिक रूप से ज्यादा उपजाऊ है, वहां किसान कुछ समय तक खाद की कमी का सामना कर सकते हैं। हालांकि, कम उपजाऊ जमीन वाले क्षेत्रों में इसका खतरा ज्यादा हो सकता है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि अगर 2027 तक समुद्री रास्तों पर पाबंदियां जारी रहती हैं और लगातार दूसरे फसल सीजन में भी खाद का इस्तेमाल कम होता है, तो इसका असर फसलों की पैदावार और कुल कृषि उत्पादन पर दिखना शुरू हो सकता है।

रूस-यूक्रेन युद्ध से भी खाद की उपलब्धता पर असर
रिपोर्ट के अनुसार, रूस-यूक्रेन युद्ध भी वैश्विक खाद बाजार में अनिश्चितता बढ़ा रहा है। रूस दुनिया का सबसे बड़ा खाद निर्यातक है। यूक्रेन के हमलों में रूस की तेल रिफाइनरियों और कृषि से जुड़े ढांचे को नुकसान पहुंचा है, जिससे खाद और ईंधन की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसका असर खास तौर पर फॉस्फेट, नाइट्रेट और सल्फर की उपलब्धता पर पड़ा है। रूसी रिफाइनरियों को नुकसान पहुंचने से डीजल का उत्पादन और निर्यात घटा है। इसका असर सल्फर के उत्पादन पर भी पड़ा है, क्योंकि सल्फर मुख्य रूप से तेल रिफाइनिंग के दौरान बनता है। काला सागर के रास्ते निर्यात में रुकावटों के बाद रूस ने अपना कुछ निर्यात बाल्टिक सागर के रास्ते भेजना शुरू किया है।

युद्ध खत्म होने के बाद भी तुरंत शुरू नहीं हो पाएंगी फैक्ट्रियां
राबोबैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा खाद संकट 2022 के संकट से अलग है। उस समय कीमतें मुख्य रूप से रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद व्यापारिक रास्तों में बदलाव के कारण बढ़ी थीं। लेकिन इस बार खाद उत्पादन से जुड़े ढांचे को नुकसान पहुंचा है। कई फैक्ट्रियां बंद हैं और जरूरी कच्चे माल की उपलब्धता प्रभावित हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, संघर्ष खत्म होने के बाद भी इन प्लांट को दोबारा शुरू करने में भारी निवेश और लंबा समय लग सकता है। अगर मध्य पूर्व में एलएनजी प्लांट और रिफाइनरियों को और नुकसान पहुंचता है, तो खाद की सप्लाई की स्थिति और बिगड़ सकती है।

 


विज्ञापन
विज्ञापन