विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rajasthan Farmers Are All Smiles As Mustard Prices Jump By 300 At The Mandi Bajra Also Sees Price Surge

Rajasthan: किसानों के चेहरे खिले, मंडी में सरसों ₹300 उछली, दक्षिण की मांग से बाजरे में भी तेजी...

गांव जंक्शन डेस्क, अलवर Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 17 Nov 2026 07:02 PM IST
सार

  • दिवाली के बाद अलवर मंडी में सरसों और बाजरे के भाव में तेजी लौटी।
  • सरसों की कीमत 300 रुपये बढ़कर 9,350 रुपये प्रति क्विंटल पहुंची।
  • बाजरे के भाव में 100 रुपये की बढ़ोतरी, अब 2,625 रुपये प्रति क्विंटल हुआ दाम।
  • कम आवक और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से सरसों की कीमतों को मिला सहारा

सरसों और बाजरे की कीमतों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है।
सरसों और बाजरे की कीमतों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिवाली के बाद राजस्थान की अलवर कृषि उपज मंडी में सरसों और बाजरे के दामों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। दिवाली त्योहार के दौरान इन दोनों फसलों के भाव में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी आने और मांग बढ़ने के कारण इनकी कीमतों में काफी सुधार हुआ है।

कम आवक और विदेशी बाजार से चढ़ी सरसों
कृषि मंडी के व्यापारियों के अनुसार, दिवाली से पहले मंडी में सरसों 9,050 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रही थी। अब इसके दाम बढ़कर 9,350 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। इस तरह किसानों को सरसों बेचने पर पहले के मुकाबले 300 रुपये प्रति क्विंटल ज्यादा भाव मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम बढ़ने और मंडी में सरसों की आवक कम होने के कारण कीमतों में यह उछाल आया है। व्यापारियों का आकलन है कि यदि विदेशी बाजार में तेजी बनी रही और मंडी में आवक इसी तरह कम रही, तो आने वाले दिनों में सरसों के भाव और भी बढ़ सकते हैं।

दक्षिण भारत की मांग ने बढ़ाया बाजरे का भाव
सरसों के साथ-साथ मंडी में बाजरे के दाम भी लगातार मजबूत हो रहे हैं। दिवाली से पहले अलवर मंडी में बाजरा 2,525 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा था, जिसके भाव अब बढ़कर 2,625 रुपये प्रति क्विंटल हो गए हैं। यानी बाजरे की कीमत में 100 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। मंडी व्यापारी के अनुसार, दक्षिण भारत के राज्यों से बाजरे की मांग बढ़ने की वजह से यहां कीमतों को अच्छा सहारा मिला है। व्यापारियों का मानना है कि अगर बाजार में मांग इसी तरह जारी रही, तो आगे भी बाजरे के दामों में और सुधार देखने को मिल सकता है।


विज्ञापन
विज्ञापन