विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rabi Sowing Has Declined By 18 Across Maharashtra Yet Amidst The Ongoing Drought What Did Farmers In 11 Dis

पूरे महाराष्ट्र में रबी बुवाई 18% घटी : फिर सूखे के बीच 11 जिलों के किसानों ने ऐसा क्या किया कि बढ़ गया रकबा?

गांव जंक्शन डेस्क, मुंबई Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 27 Nov 2026 11:56 AM IST
सार

  • महाराष्ट्र में रबी बुवाई सुस्ती के दौर में है, लेकिन 11 जिलों में बुवाई में बढ़त देखने को मिली है
  • प्रदेश का सामान्य रबी रकबा 57.80 लाख हेक्टेयर में से अब तक केवल 31% हिस्से में बुवाई हुई।
  • विदर्भ के छह, उत्तर महाराष्ट्र के चार और कोंकण के एक जिले में बुवाई का रकबा बढ़ा।
  • अधिकारियों के अनुसार, खरीफ में नुकसान झेलने के बाद इन 11 जिलों के किसानों ने मिट्टी में मौजूद नमी का फायदा उठाने के लिए समय से पहले रबी बुवाई करने का फैसला लिया
  • आगे यहां के रकबे में कोई बड़े सुधार के आसार नहीं है
  • सूखे और जलाशयों में पानी की कमी से रबी फसलों के विकास और पैदावार पर चिंता।

11 जिलों के किसानों ने समय से पहले रबी बुवाई करने का फैसला लिया, रकबे में बढ़त।
11 जिलों के किसानों ने समय से पहले रबी बुवाई करने का फैसला लिया, रकबे में बढ़त। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सूखे के चलते महाराष्ट्र में रबी फसलों की बुवाई काफी सुस्ती के दौर से गुजर रही है। लेकिन, दूसरी तरफ 11 जिलों में पिछले साल के मुकाले बुवाई में बढ़त देखने को मिली है। इनमें विदर्भ के छह, उत्तर महाराष्ट्र के चार और कोंकण का एक जिला शामिल है।  सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सामान्य रबी फसलों का रकबा 57.80 लाख हेक्टेयर से अधिक है। इस रकबे के केवल 31 फीसदी हिस्से पर ही बुवाई हुई है। 

खरीफ फसल खराब होने के बाद किसानों ने शुरू की बुवाई
कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल सितंबर के बाद हुई बेमौसम बारिश के कारण रबी बुवाई में देरी हुई थी। इस बार खरीफ फसलों को नुकसान पहुंचने के बाद किसानों ने खेतों से खराब फसलें हटाकर रबी की बुवाई शुरू कर दी, ताकि मिट्टी में बची नमी का इस्तेमाल किया जा सके। बुवाई में बढ़त दर्ज करने वाले 11 जिलें में मानसूनी सीजन के दौरान सामान्य से एक से लेकर 65 फीसदी से अधिक कम बारिश हुई है। 

खरीफ नुकसान के बाद नमी बचाने को जल्द शुरू हुई रबी बुवाई

धुले में सामान्य रकबे के 50% हिस्से में बुवाई

उत्तर महाराष्ट्र के धुले जिले में रबी बुवाई में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां सामान्य रबी क्षेत्र के 50 फीसदी हिस्से में बुवाई हो चुकी है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 31 फीसदी था। जिले में मानसून के दौरान सामान्य से 19 फीसदी कम बारिश हुई थी। कृषि अधिकारियों के मुताबिक, धुले के शिरपुर तालुका में अब तक अधिक बुवाई हुई है, जहां कुछ पानी उपलब्ध है। नासिक और जलगांव में भी कुओं और खेत तालाबों में पानी होने के कारण किसानों ने रबी फसलों की बुवाई की है।

इस बार किसानों ने गेहूं के मुकाबले ज्वार और चने को अधिक प्राथमिकता दी है। इन फसलों में गेहूं की तुलना में कम निवेश और मिट्टी में कम नमी की जरूरत होती है।

बीड में रकबा 50% पार, लेकिन पिछले साल से कम
सूखाग्रस्त मराठवाड़ा के बीड जिले में भी सामान्य रबी क्षेत्र के 50 फीसदी से अधिक हिस्से में बुवाई हुई है। हालांकि, यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 14 फीसदी कम है। जिले में पहले से ही पानी का संकट बना हुआ है। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, किसानों ने खेत तालाबों में जमा पानी का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, पानी के आवंटन के तहत जयकवाड़ी बांध से पानी छोड़े जाने से भी बुवाई में मदद मिली।

पानी की कमी से फसल की बढ़वार पर चिंता
राज्य के कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने कहा कि मौजूदा सूखे की स्थिति को देखते हुए रबी की अच्छी पैदावार को लेकर अभी आश्वस्त नहीं हुआ जा सकता। उन्होंने कहा कि इन 11 जिलों में फसलों की बढ़वार देखने के लिए इंतजार करना होगा, क्योंकि अच्छी फसल के लिए पर्याप्त पानी जरूरी है और राज्य में जल उपलब्धता लगातार घट रही है। अधिकारियों को संभावना दिखती है कि इन जिलों में पानी की कमी के चलते रबी बुवाई आगे ज्यादा बढ़ नहीं पाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन