सब्सिडी वाले यूरिया के औद्योगिक इस्तेमाल पर केंद्र सरकार ने जताई चिंता।
किसानों को 6 रुपये किलो मिलने वाला यूरिया उद्योगों में 60-70 रुपये किलो तक बिकता है।
उर्वरक सचिव ने कंपनियों और आयातकों से खाद की डायवर्जन रोकने में सहयोग मांगा।
रबी सीजन 2026-27 के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरकों पर 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर।
सब्सिडी पर किसानों को दिए जाने वाले उर्वरकों का औद्योगिक इस्तेमाल के लिए डायवर्जन होने पर केंद्र सरकार ने चिंता जताई है। उर्वरक सचिव रजत कुमार मिश्रा ने गुरुवार को उर्वरक कंपनियों और आयातकों से इसे रोकने में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि यूरिया की कम कीमत और औद्योगिक इस्तेमाल वाले यूरिया की ऊंची कीमत के कारण इसकी डायवर्जन हो रही है।
फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के एक कार्यक्रम में उर्वरक सचिव ने बताया कि सरकार किसानों को यूरिया 6 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध करा रही है, जबकि तकनीकी ग्रेड यूरिया की कीमत 60 से 70 रुपये प्रति किलो है। उन्होंने कहा कि सब्सिडी वाले उर्वरकों का औद्योगिक इस्तेमाल छोटे किसानों के हितों को प्रभावित करता है।
यूरिया की टैगिंग पर भी जताई चिंता
उर्वरक सचिव ने यूरिया के साथ दूसरे उर्वरकों की टैगिंग पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कुछ डीलर किसानों को उर्वरक बेचते समय अधिक सब्सिडी वाले यूरिया के साथ दूसरे उर्वरक खरीदने की शर्त जोड़ते हैं। उर्वरक सचिव ने उद्योग से इस प्रथा को रोकने और इसे गंभीरता से लेने को कहा। मिश्रा ने बताया कि सरकार ने उर्वरकों की डायवर्जन रोकने के लिए एक एकीकृत पोर्टल तैयार किया है। उन्होंने आयातक कंपनियों से इस पोर्टल के माध्यम से लेनदेन करने की अपील की।
सब्सिडी का मौजूदा स्तर टिकाऊ नहीं
उर्वरक सचिव ने उर्वरक कंपनियों से गुणवत्ता से समझौता किए बिना उत्पादन लागत घटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी का मौजूदा स्तर लंबे समय तक बनाए रखना मुश्किल है। सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के छह महीनों के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरकों पर 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर की है, जो पिछले साल की समान अवधि से 64 फीसदी अधिक है।
उन्होंने कहा कि भारत तैयार उर्वरकों के साथ-साथ उनके जरूरी कच्चे माल के लिए भी आयात पर निर्भर है। ऐसे में घरेलू उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने की जरूरत है। उन्होंने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
छह नए यूरिया संयंत्रों पर 54 हजार करोड़ रुपये का निवेश
उर्वरक सचिव ने बताया कि सरकार ने जुलाई में नई निवेश नीति के तहत 54 हजार करोड़ रुपये की लागत से छह ब्राउनफील्ड गैस आधारित यूरिया संयंत्रों को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि ये संयंत्र आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल होने चाहिए। मिश्रा ने कहा कि देश ने 2025-26 फसल वर्ष में 37.8 करोड़ टन खाद्यान्न का रिकॉर्ड उत्पादन किया। इसमें उर्वरकों, बेहतर किस्म के बीजों, सिंचाई और किसानों की मेहनत का योगदान रहा।