विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Telangana Allegations Of Tenant Farmers Being Overlooked In Crop Loss Surveys 68 Suicides Reported Compensa

Telangana: फसल नुकसान सर्वे से पट्टेदार किसानों की अनदेखी का आरोप, 68 आत्महत्याओं का दावा, मुआवजे की मांग...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 27 Nov 2026 09:43 AM IST
सार

  • तेलंगाना में फसल नुकसान के सर्वे में पट्टेदार किसानों को शामिल करने की मांग।
  • किसान संगठन का आरोप, फसल बर्बाद होने के बावजूद सर्वे में दर्ज नहीं हो रहे पट्टेदार किसानों के नाम।
  • सरकार ने गंभीर फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ सहायता देने का वादा किया है।
  • संगठन के अध्ययन में दो जिलों के 10 गांवों के 145 किसानों को शामिल किया गया, जिनमें 89 पट्टेदार किसान थे।

कम बारिश से फसल नुकसान, तेलंगाना में सरकारी राहत के दायरे से बाहर पट्टेदार किसान।
कम बारिश से फसल नुकसान, तेलंगाना में सरकारी राहत के दायरे से बाहर पट्टेदार किसान। - फोटो : सोशल मीडिया AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेलंगाना में पट्टेदार किसानों के संगठन ने राज्य सरकार से सूखे के कारण हुए फसल नुकसान का आकलन करने के लिए चल रहे सर्वे में पट्टेदार किसानों को भी शामिल करने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि कई जगह फसल नुकसान के बावजूद पट्टे पर खेती करने वाले किसानों का नाम सर्वे में दर्ज नहीं किया जा रहा है।

तेलंगाना टेनेंट फार्मर्स रिकग्निशन स्ट्रगल कमेटी ने कहा कि राज्य का कृषि विभाग खरीफ सीजन में खराब मौसम के कारण हुए फसल नुकसान का सर्वे कर रहा है। सरकार ने गंभीर फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है।

10 गांवों में अध्ययन के दौरान सामने आईं समस्याएं
कमेटी के मुताबिक, रायथु स्वराज्य वेदिका की एक टीम ने आदिलाबाद और विकाराबाद जिलों के 10 गांवों में सर्वे का अध्ययन किया। इस दौरान 145 किसानों से बातचीत की गई, जिनमें 89 पट्टेदार किसान शामिल थे। संगठन का कहना है कि सर्वे में कुछ फसलों को शामिल नहीं किया जा रहा है और फसल नुकसान झेलने वाले पट्टेदार किसानों का विवरण भी दर्ज नहीं हो रहा है।

कमेटी ने बताया कि एल नीनो के कारण राज्य में सूखे जैसी स्थिति बनी और सरकार ने 365 मंडलों को सूखाग्रस्त घोषित किया। संगठन के अनुसार, कई किसानों की कपास, अरहर और सोयाबीन जैसी फसलों का उत्पादन सामान्य उपज के 50 फीसदी से भी कम रहा।

दो महीने में 68 किसानों की आत्महत्या का दावा
कमेटी ने अपने अध्ययन के हवाले से दावा किया कि पिछले दो महीनों में आर्थिक दबाव के कारण 68 किसानों ने आत्महत्या की, जिनमें 51 पट्टेदार किसान थे। संगठन ने कहा कि पट्टेदार किसानों ने फसल खराब होने से पहले जमीन का अधिक किराया दिया था, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया। कमेटी ने सरकार से मांग की है कि अधिकारियों को पट्टेदार किसानों के फसल नुकसान का विवरण दर्ज करने के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। जिन सर्वे नंबरों में सर्वे पूरा हो चुका है, वहां भी पट्टेदार किसानों का विवरण जोड़ने का विकल्प दिया जाए।

संगठन ने यह भी कहा कि पट्टेदार किसानों को मान्यता देने के लिए 2011 के लाइसेंस्ड कल्टीवेटर्स एक्ट को लागू करने का वादा पूरा किया जाए। उसके मुताबिक, पट्टेदार किसानों की पहचान के लिए बनी कैबिनेट उपसमिति की गठन के तीन महीने बाद भी पहली बैठक नहीं हुई है।


विज्ञापन
विज्ञापन