विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Maharashtra 1 44 Crore Farmers Got Digital Identity State Reached Second Position Access To Schemes Became

Maharashtra: 1.44 करोड़ किसानों को मिली फार्मर आईडी, दूसरे पायदान पर पहुंचा प्रदेश, योजनाओं तक पहुंच आसान...

गांव जंक्शन डेस्क, मुंबई Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 27 Nov 2026 10:06 AM IST
सार

  • महाराष्ट्र में 1.44 करोड़ किसानों को जारी हुई डिजिटल फार्मर आईडी, देश में दूसरे स्थान पर पहुंचा राज्य।
  • राज्य के 1.71 करोड़ किसान खाताधारकों में से करीब 84% का एग्रीस्टैक में पंजीकरण पूरा।
  • पीएम-किसान के 85.58 लाख लाभार्थियों में से 84.6 लाख किसानों के पास फार्मर आईडी।
  • खरीफ 2026 के लिए राज्य में 3.10 करोड़ से अधिक खेतों का डिजिटल फसल सर्वे पूरा।

महाराष्ट्र के 1.44 करोड़ किसानों को मिली डिजिटल पहचान।
महाराष्ट्र के 1.44 करोड़ किसानों को मिली डिजिटल पहचान। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र में केंद्र सरकार के एग्रीस्टैक कार्यक्रम के तहत 1.44 करोड़ किसानों को डिजिटल फार्मर आईडी जारी की जा चुकी हैं। कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के साथ महाराष्ट्र देश में दूसरे स्थान पर है। कृषि मंत्री के अनुसार, 2021 की कृषि जनगणना के मुताबिक राज्य में 1.71 करोड़ किसान खाताधारक हैं। इनमें से 1.44 करोड़ का एग्रीस्टैक के तहत पंजीकरण हो चुका है, जबकि बाकी किसानों का पंजीकरण जारी है।

कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी जरूरी
एग्रीस्टैक एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो किसानों को डिजिटल पहचान देता है। इस व्यवस्था में उनकी पहचान भूमि के रिकॉर्ड से जुड़ी हुई होती है। महाराष्ट्र में इस योजना पर अक्टूबर 2024 से काम शुरू हुआ था। 15 अप्रैल 2025 से प्रदेश सरकार ने कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य कर दी है।

कृषि मंत्री ने बताया कि पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के तहत महाराष्ट्र के 85.58 लाख लाभार्थी किसानों में से 84.6 लाख के पास एग्रीस्टैक आईडी है। इस आईडी से फसल बीमा, आपदा मुआवजे और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने के साथ कर्ज तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।

3.10 करोड़ से अधिक खेतों का डिजिटल सर्वे पूरा
मंत्री के मुताबिक, कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया 21 जनवरी 2025 से शुरू हुई थी। संयुक्त भूमि रिकॉर्ड वाले किसानों का भी पंजीकरण किया जा रहा है। ऐसे मामलों में भूमि के स्वामित्व का विवरण 'संयुक्त' के रूप में दर्ज किया जा रहा है।

दूसरी तरफ खरीफ 2026 के लिए 3.10 करोड़ से अधिक खेतों का डिजिटल फसल सर्वे भी पूरा हो चुका है। महाराष्ट्र में वन अधिकार के तहत भूमि का पट्टा रखने वाले करीब दो लाख किसानों में से 78 हजार का एग्रीस्टैक में पंजीकरण हो चुका है। बाकी किसानों के पंजीकरण के लिए जरूरी 1.58 लाख किसानों की जानकारी जनजातीय विकास विभाग से मिल गई है।

छूटे हुए किसानों से पंजीकरण कराने की अपील
कृषि मंत्री ने बताया कि राजस्व विभाग ने विशेष परिस्थितियों में फार्मर आईडी जारी करने के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। 6 नवंबर 2026 के सरकारी आदेश के तहत लिया गया यह फैसला उन पात्र किसानों और भूमि धारकों को पंजीकरण का अवसर देगा, जो पहले सामान्य प्रक्रिया से बाहर रह गए थे। भरणे ने अब तक पंजीकरण नहीं कराने वाले किसानों से नजदीकी आपले सरकार सेवा केंद्र या एग्रीस्टैक पोर्टल के माध्यम से फार्मर आईडी बनवाने की अपील की।


विज्ञापन
विज्ञापन