Home›Khabar Junction›
Rabi Season Subsidy Increase In Fertilizer Subsidy Provide Relief To Himachal Farmers And Gardeners
Rabi Season Subsidy: खाद सब्सिडी में बढ़ोतरी से हिमाचल के किसानों-बागवानों को मिलेगी राहत
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 15 Nov 2026 05:45 PM IST
सार
केंद्र सरकार ने रबी सीजन के लिए फॉस्फेटिक और पोटाश उर्वरकों पर 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर की है। इससे हिमाचल प्रदेश के किसानों और सेब बागवानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
केंद्र सरकार ने रबी सीजन के लिए फॉस्फेटिक और पोटाश (पीएंडके) उर्वरकों पर 62,370.02 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर की है। पिछले रबी सीजन के मुकाबले इस बार सब्सिडी में 24,417.73 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। सरकार के इस फैसले से हिमाचल प्रदेश के हजारों किसानों और बागवानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए कहा कि खाद पर सब्सिडी बढ़ाने से किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। इससे खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी और किसानों पर खाद की कीमतों का बोझ घटेगा।
कपूर ने बताया कि पिछले रबी सीजन में फॉस्फेटिक और पोटाश उर्वरकों पर सब्सिडी के लिए 37,952.29 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। इस बार सरकार ने इसे बढ़ाकर 62,370.02 करोड़ रुपये कर दिया है। इससे किसानों को खाद की उपलब्धता और कीमतों के मामले में राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निचले और मध्य क्षेत्रों में गेहूं, आलू और सब्जियों की खेती बड़े पैमाने पर होती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब सहित अन्य फलों के बगीचे किसानों की आजीविका का प्रमुख साधन हैं। इन फसलों और बागवानी में डीएपी, एमओपी और एनपीकेएस जैसे उर्वरकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कपूर के मुताबिक, उर्वरकों पर सब्सिडी बढ़ने से प्रदेश के किसानों और बागवानों को फायदा होगा। खासकर उन किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनकी खेती की लागत में खाद का खर्च एक बड़ा हिस्सा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह फैसला किसानों और बागवानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।