पंजाब सरकार ने चालू पेराई सीजन के लिए गन्ने की कीमत 15 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 431 रुपये कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को इसकी घोषणा की। इससे पहले राज्य में गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल था। नई दर लागू होने के बाद पंजाब में गन्ने की कीमत हरियाणा और उत्तर प्रदेश से अधिक हो गई है।
हरियाणा और यूपी से अधिक हुआ गन्ने का भाव
मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार, गन्ने की कीमत में बढ़ोतरी से राज्य के हजारों किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। नए भाव के मुताबिक, पंजाब में किसानों को गन्ने के लिए 431 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे। वहीं, हरियाणा में यह दर 430 रुपये और उत्तर प्रदेश में 400 रुपये प्रति क्विंटल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि उपज का उचित मूल्य तय करना और किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
25 नवंबर से शुरू होंगी चीनी मिलें
सीएम ने यह भी घोषणा की कि पंजाब की सभी चीनी मिलें 25 नवंबर 2026 से चालू हो जाएंगी। सरकार के मुताबिक, इससे किसानों को अपनी गन्ने की फसल मिलों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। भगवंत मान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी गन्ने की नई कीमत की जानकारी दी। उन्होंने इसे देश में सबसे अधिक गन्ना मूल्य बताया और कहा कि सरकार किसानों की आमदनी और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाती रहेगी।
दूसरी तरफ देश के कई हिस्सों में गन्ना किसान 600 रुपये प्रति किलो भाव की मांग कर रहे हैं। पड़ोसी राज्य हरियाणा के कई हिस्सों में हाल ही में विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं।