विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Punjab Big News For Cotton Farmers Cci Opens Registration Window What Is The Market Price And Mathematics O

Punjab: कपास किसानों के लिए बड़ी खबर, CCI ने खोली पंजीकरण खिड़की, क्या है मंडी भाव और MSP का गणित...

गांव जंक्शन डेस्क, चंडीगढ़ Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 02 Oct 2026 01:51 PM IST
सार

  • पंजाब में कपास की सरकारी खरीद शुरू
  • नवंबर आखिर तक किसान कराएं पंजीकरण
  • 8 फीसदी तक नमी पर मिलेगा पूरा एमएसपी
  • मंडियों में कपास के भाव 6,300 से 9,200 रुपये तक दर्ज किया गया है

पंजाब में कपास खरीद सीजन शुरू, किसान कराएं पंजीकरण।
पंजाब में कपास खरीद सीजन शुरू, किसान कराएं पंजीकरण। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब में भारतीय कपास निगम ने एक अक्तूबर से एमएसपी पर कपास की खरीद शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, प्रदेश की मंडियों में कपास की आवक दो हफ्ते पहले ही शुरू हो चुकी थी। अपनी उपज को बेचने के लिए किसानों को सबसे पहले कपास किसान एप पर पंजीकरण कराना होगा। नवंबर के आखिर तक किसान अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

एप पर भूमि रिकॉर्ड अपलोड करना जरूरी
कपास निगम ने खरीद में पारदर्शिता लाने के लिए 2025-26 सीजन में कपास किसान एप को जमीन पर उतारा था। इस व्यवस्था के तहत किसानों को पंजीकरण के लिए जमीन के दस्तावेज एप पर अपलोड करने होते हैं।  अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश की 13 मंडियों में जल्द खरीद का काम शुरू कर दिया जाएगा।

60 हजार क्विंटल की आवक, निजी खरीद को बढ़त 
इस खरीफ सीजन पंजाब के कपास का रकबा 80 हजार हेक्टेयर दर्ज किया गया थी, जिससे कम से कम आठ लाख क्विंटल उत्पादन का अनुमान है। मंडियों में अब तक लगभग 60 हजार क्विंटल कपास पहुंची है। इस आवक में से व्यापारियों और मिलों ने 59,477 क्विंटल की खरीद की है, जबकि 482 क्विंटल कपास बिना बिके और 1,146 क्विंटल उपज एमएसपी से कम भाव पर बिकी।

सरकार ने मध्यम रेशे वाली खरीफ कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8,267 रुपये प्रति क्विंटल और लंबे रेशे वाली कपास का 8,667 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। पंजाब में 26.5 से 27.5 मिलीमीटर रेशे की लंबाई वाली कपास पैदा होती है, जिसका मूल्य लंबे रेशे के एमएसपी से 100 से 200 रुपये कम रहता है।

नमी के हिसाब से एमएसपी होती है तय
सरकारी नियमों के अनुसार, निर्धारित एमएसपी 8 प्रतिशत तक की नमी वाली कपास पर लागू होता है। यदि नमी 8 प्रतिशत से अधिक पाई जाती है, तो प्रति 1 प्रतिशत अतिरिक्त नमी पर एमएसपी में 1 प्रतिशत की कटौती की जाती है, जो अधिकतम 12 प्रतिशत नमी तक ही मान्य है। वर्तमान में मंडियों में कपास 8,000 से 8,100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रही है, क्योंकि तय सीमा से ज्यादा नमी होने के कारण किसानों को दाम में कुछ कटौती का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों को अब तक 6,300 से 9,200 रुपये तक मंडी भाव मिला 
अधिकारियों के अनुसार, चालू सीजन के दौरान राज्य की मंडियों में कपास का न्यूनतम भाव 6,300 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम भाव 9,200 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है। सरकारी खरीद शुरू होने से किसानों को उनकी फसल का उचित समर्थन मूल्य मिलने में मदद मिलेगी।


विज्ञापन
विज्ञापन