विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Prices Surge At Coonoor Tea Auction Ctc Leaf And Dust Rates Climb By Up To 5 Nearly 98 Of The Tea Was Sold

कुन्नूर चाय नीलामी में उछलीं कीमतें : सीटीसी लीफ और डस्ट के भाव ₹5 तक चढ़े, लगभग 98% चाय की हुई बिक्री

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 16 Nov 2026 08:42 PM IST
सार

  • कुन्नूर चाय नीलामी में निर्यातकों और घरेलू खरीदारों की मजबूत मांग से कीमतों में बढ़ोतरी हुई।
  • कम बारिश और सर्दियों की शुरुआत से नई चाय की आवक प्रभावित होने की आशंका है।
  • जनवरी से सितंबर के बीच मौसम और मशीनों से कटाई के कारण दक्षिण भारत में चाय उत्पादन प्रभावित हुआ।
  • नीलामी में लीफ और डस्ट दोनों श्रेणियों की करीब 98 प्रतिशत चाय बिकी।

कुन्नूर चाय निलामी में मजबूती देखने को मिली है।
कुन्नूर चाय निलामी में मजबूती देखने को मिली है। - फोटो : ai
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

निर्यातकों, चाय कंपनियों की मजबूत मांग और घरेलू खरीदारों के पर्याप्त समर्थन से कुन्नूर की चाय नीलामी में कीमतें बढ़ गई हैं। व्यापारियों के अनुसार, कम बारिश और सर्दियों की शुरुआत से नई फसल की आवक प्रभावित होने की आशंका है, जिसके चलते आगे भी चाय के दाम मजबूत बने रहने की उम्मीद है।

मौसम और मशीन से कटाई के चलते दक्षिण भारत में घटी पैदावार
व्यापारियों के मुताबिक, इस साल जनवरी से सितंबर के बीच मौसम से जुड़े कारणों की वजह से दक्षिण भारत में चाय की कमी रही, जिससे कीमतों में यह उछाल आया है। वहीं, कुछ व्यापारियों ने बागानों में घटती पैदावार के लिए मशीनों से पत्तियों की कटाई को भी जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि हाथ से पत्तियां तोड़ने और कैंची से कटाई करने की तुलना में मशीनों से कटाई करने पर पौधों में नई कोपलें निकलने में अधिक समय लगता है।

नीलामी में लगभग 98 प्रतिशत चाय की हुई बिक्री
नीलामी एजेंसी ग्लोबल टी ऑक्शनियर्स के अनुसार, कुन्नूर नीलामी में लीफ (पत्ती) और डस्ट दोनों किस्मों की बिक्री का प्रतिशत लगभग 98 प्रतिशत के उच्च स्तर पर रहा। एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक, नीलामी के लिए लीफ ग्रेड की 15,87,452 किलोग्राम और डस्ट ग्रेड की 3,67,836 किलोग्राम मात्रा बिक्री हेतु पेश की गई थी।

सीटीसी लीफ और डस्ट चाय की कीमतों में उछाल
ग्लोबल टी ऑक्शनियर्स के अनुसार, लीफ सीटीसी श्रेणी में मीडियम और प्लेनर किस्मों के बोल्डर तथा ब्रोकन ग्रेड की अच्छी मांग रही और ये 4 से 5 रुपये तथा कई बार इससे भी अधिक महंगे बिके, जबकि फैनिंग्स ग्रेड के दाम 3 से 4 रुपये तक बढ़े। इसी तरह, सीटीसी डस्ट में भी मीडियम और प्लेनर किस्मों की मांग मजबूत रही और ये 3 से 4 रुपये तथा कई बार इससे ज्यादा महंगे बिके। एजेंसी के मुताबिक, कुल मिलाकर सीटीसी लीफ और सीटीसी डस्ट दोनों की पूरी बिक्री में अच्छी मांग देखने को मिली।

ऑर्थोडॉक्स चाय के दाम में दर्ज की गई गिरावट
नीलामी के आंकड़ों के अनुसार, सीटीसी किस्मों के उलट ऑर्थोडॉक्स चाय की कीमतों में नरमी देखी गई। ग्लोबल टी ऑक्शनियर्स के मुताबिक, ऑर्थोडॉक्स के प्रमुख होल लीफ ग्रेड के दाम आमतौर पर 4 से 5 रुपये और कई बार इससे भी ज्यादा कम रहे। इसके अलावा, प्रमुख ऑर्थोडॉक्स डस्ट ग्रेड की कीमतें भी आमतौर पर 4 से 5 रुपये या उससे अधिक गिरीं और इस श्रेणी की कुछ मात्रा बिना बिके नीलामी से वापस ले ली गई।


विज्ञापन
विज्ञापन