विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Poultry India Expo Experts From 120 Countries Will Gather In Hyderabad From November 25

Poultry India Expo: 25 नवंबर से हैदराबाद में जुटेंगे 120 देशों के विशेषज्ञ, 51 हजार से ज्यादा लोग होंगे शामिल

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 05 Nov 2026 05:23 PM IST
सार

Poultry India Expo 2026 का आयोजन 25 से 27 नवंबर तक हैदराबाद में होगा। इसमें 120 देशों के 51 हजार से ज्यादा विशेषज्ञ और 550 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे।

पोल्ट्री फार्मिंग
पोल्ट्री फार्मिंग - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय पोल्ट्री उपकरण निर्माता संघ (IPEMA) की ओर से पोल्ट्री इंडिया एक्सपो के 18वें संस्करण का आयोजन 25 से 27 नवंबर तक किया जाएगा। इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में करीब 120 देशों के 51 हजार से अधिक उद्योग विशेषज्ञों और 550 से ज्यादा प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है।

एक्सपो में पोल्ट्री किसानों, उपकरण निर्माताओं, चारा उत्पादकों, पशु चिकित्सकों, हैचरी संचालकों और तकनीकी कंपनियों को एक मंच पर आने का मौका मिलेगा। यहां पोल्ट्री उद्योग में हो रहे नए बदलावों, तकनीकों और कारोबार की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

IPEMA के अध्यक्ष उदय सिंह बयास ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रदर्शनी में मुर्गी पालन, चूजा उत्पादन, दाना बनाने, पोल्ट्री फार्म के प्रबंधन, शेड निर्माण, बीमारी से बचाव, अंडा प्रसंस्करण और कचरा प्रबंधन से जुड़ी मशीनों और तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी तथा पंचायती राज राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

24 नवंबर को होगा पोल्ट्री नॉलेज डे
मुख्य प्रदर्शनी से एक दिन पहले यानी 24 नवंबर को पोल्ट्री नॉलेज डे का आयोजन किया जाएगा। इसमें वैज्ञानिक, नीति निर्माता और पशु चिकित्सक पोल्ट्री क्षेत्र से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इनमें मुर्गियों का स्वास्थ्य, बेहतर पोषण, फार्म में ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल शामिल है।सम्मेलन में पोल्ट्री उत्पादकों के सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और फार्म की कार्यक्षमता बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा होगी।

बयास के मुताबिक, यह एक्सपो किसानों और कंपनियों को नई तकनीकों और फार्म प्रबंधन के तरीकों की जानकारी देगा। साथ ही भारतीय और विदेशी कंपनियों के बीच कारोबार और साझेदारी के नए अवसर भी पैदा करेगा।

अंडा उत्पादन में दुनिया में दूसरे स्थान पर भारत
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत ने वर्ष 2023-24 में 142.77 अरब अंडों का उत्पादन किया था। इसके साथ ही भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा अंडा उत्पादक देश बना हुआ है। उदय सिंह ने कहा कि पोल्ट्री उद्योग देश की कृषि अर्थव्यवस्था में अहम योगदान दे रहा है। इससे किसानों के साथ-साथ पशु आहार बनाने, परिवहन, प्रसंस्करण और पोल्ट्री उपकरणों की आपूर्ति से जुड़े कारोबार को भी रोजगार मिल रहा है। उनके अनुसार, यह क्षेत्र देश में करीब 50 से 60 लाख लोगों की आजीविका का सहारा है।
विज्ञापन
विज्ञापन