गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे किसानों के आंदोलन के बीच हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार द्वारा गन्ने के भाव में की गई हालिया बढ़ोतरी की आलोचना की है। हुड्डा ने इस बढ़ोतरी को किसानों के साथ भद्दा मजाक करार दिया। उन्होंने कहा कि जब महंगाई लगातार बढ़ रही है, ऐसे समय में गन्ने के खरीद मूल्य में मात्र 15 रुपये यानी सिर्फ 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी करना किसानों का मजाक उड़ाने जैसा है।
गन्ने के भाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के साढ़े नौ साल के कार्यकाल (2005–2014) के दौरान गन्ने के दामों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई थी। हुड्डा के अनुसार, उस समय गन्ने का भाव 117 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 310 रुपये प्रति क्विंटल किया गया था, जो 193 रुपये यानी 165 प्रतिशत की वृद्धि थी और उस अवधि में सालाना औसतन लगभग 18.3 प्रतिशत बढ़ोतरी के बराबर है। इसके उलट, हुड्डा ने दावा किया कि भाजपा सरकार के 12 वर्षों में गन्ने का भाव 310 रुपये से बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल यानी केवल 120 रुपये बढ़ाया गया है, जो कुल 39 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। उनके मुताबिक, यह सालाना औसतन सिर्फ करीब 3.25 प्रतिशत वृद्धि है और इस तरह कांग्रेस की बढ़ोतरी भाजपा के मुकाबले छह गुना अधिक थी।
दूसरी फसलों की एमएसपी में बढ़त को लेकर बड़ा दावा
दूसरी फसलों को लेकर हुड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस के कार्यकाल में कृषि उपज की कीमतों में सालाना औसतन 14 से 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि भाजपा के शासन में यह बढ़त घटकर मात्र 5 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले तीन गुना अधिक दर से एमएसपी बढ़ाया और किसानों को उचित दाम दिलाने तथा कीमतें बढ़ाने के मामले में भाजपा कांग्रेस से काफी पीछे है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान हर साल महंगाई चिंताजनक गति से बढ़ी है।
किसान खेती छोड़ने को मजबूर
खेती की लागत पर बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं तथा खेती के उपकरण, खाद, बीज, कीटनाशक और मजदूरी तक सब कुछ इतना महंगा हो गया है कि किसान खेती छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।