दालों की कीमतों में तेजी की संभावना के बीच सरकार ने शुक्रवार को व्यापारियों-मिल मालिकों से लिकेर खुदरा विक्रेताओं तक के के लिए स्टॉक की जानकारी देना अनिवार्य कर दिया है। अब दलहन बाजार के इन बड़े खिलाडियों को हर शुक्रवार अपना भंडार की जानकारी सरकार संग साझा करनी होगी। इस तरह दालों की कीमतों में अचनाक तेजी को रोकने और बाजार में बनावटी कमी, सट्टेबाजी के लिए भंडारण, जमाखोरी से निपटने में मदद मिल सकती है।
राज्यों को सख्त निगरानी के निर्देश और दालों के खुदरा भाव
उपभोक्ता मामले विभाग ने राज्यों को पत्र भेजकर दालों की कीमतों पर नजर रखने और जमाखोरी व कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। यह फैसला पिछले दो दिनों में राज्यों के खाद्य सचिवों, मिल मालिकों, स्टॉकिस्टों, व्यापारियों और दाल प्रोसेसर्स के साथ हुई बैठकों के बाद लिया गया है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को तुअर का औसत खुदरा भाव 135.23 रुपये प्रति किलोग्राम और चने का भाव 95.23 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया, जो पिछले साल से क्रमशः 19.5 प्रतिशत और 10 प्रतिशत अधिक है। अक्टूबर में दाल श्रेणी की खुदरा महंगाई 8.73 प्रतिशत रही, जबकि अप्रैल 2026 में यह माइनस 1.74 प्रतिशत थी।
चने की अच्छी पैदावार और पीली मटर आयात के बाद भी मुनाफाखोरी की आशंका
सचिव निधि खरे ने बताया कि 2025-26 के फसल वर्ष (जुलाई-जून) में चने का उत्पादन 1.256 करोड़ टन रहा, जो पिछले पांच वर्षों में दूसरा सबसे बड़ा उत्पादन है, और मंडियों में आवक भी पिछले वर्षों के बराबर रही है। सूत्रों के अनुसार, चने के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल होने वाली पीली मटर का आयात भी पहले से अधिक रहा है। सूत्रों का कहना है कि आपूर्ति की स्थिति सहज होने के बावजूद हाल के हफ्तों में चने के दाम बढ़े हैं और ऐसा लगता है कि व्यापार जगत मुनाफा बढ़ाकर और अफवाहों के सहारे मुनाफाखोरी करने की कोशिश कर रहा है।
बाजार प्रतिभागियों के स्टॉक का आकलन और गलत जानकारी पर चेतावनी
एक आधिकारिक आकलन के अनुसार, बड़ी रिटेल चेन, डीलरों, आयातकों, मिल मालिकों, स्टॉकिस्टों और व्यापारियों के पास मौजूद स्टॉक 3 जुलाई, 2026 के 58.7 लाख टन से घटकर 6 नवंबर, 2026 को 53.7 लाख टन रह गया है। इसमें कहा गया है कि कम आवक के मौसम के बावजूद आयातकों और व्यापारियों को छोड़कर अन्य प्रतिभागियों के पास स्टॉक जुलाई 2026 से लगभग एक जैसा बना हुआ है। विभाग ने स्टॉक की सही जानकारी देने पर जोर देते हुए चेतावनी दी है कि गलत जानकारी को गंभीरता से लिया जाएगा। साथ ही डीलरों और मिल मालिकों से मुनाफा तर्कसंगत रखने व अनुकूल बाजार स्थिति का लाभ उपभोक्ताओं को देने की अपील की गई है।
बंदरगाहों से समय पर सप्लाई तय करने का आदेश
एक आधिकारिक नोट में कहा गया है कि बंदरगाहों और गोदामों से आयातित दालों की प्रोसेसिंग इकाइयों और घरेलू बाजारों तक समय पर सप्लाई तय की जानी चाहिए, ताकि आपूर्ति श्रृंखला में कोई असामान्य बाधा, देरी या जमाखोरी न हो। रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, सभी दालों का मौजूदा बफर स्टॉक 35 लाख टन के मानक के मुकाबले बढ़कर रिकॉर्ड 38 लाख टन पर पहुंच गया है। इस बफर स्टॉक में चना 16.1 लाख टन, तुअर 9.7 लाख टन, मूंग 6.4 लाख टन, मसूर 5.3 लाख टन और उड़द 44,000 टन शामिल है।
अल नीनो की चिंता के बीच दालों के आयात में 67 प्रतिशत की बढ़ोतरी
व्यापार के जानकारों का कहना है कि ल नीनो के खतरे से घरेलू उत्पादन घटने की आशंकाओं के बीच चालू वित्त वर्ष 2027 अप्रैल-अगस्त अवधि में दालों का आयात 67 प्रतिशत बढ़कर 20.6 लाख टन हो गया। आंकड़ों के मुताबिक, भारत अपनी लगभग 2.7 करोड़ टन की सालाना दाल खपत का करीब 18 से 20 प्रतिशत हिस्सा आयात करता है। इन आयातित दालों में तुअर, उड़द, मसूर, पीली मटर और बंगाल चना शामिल हैं, जिन्हें मुख्य रूप से कनाडा, रूस, ब्राजील, म्यांमार और अफ्रीका से मंगाया जाता है।