पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त का इंतजार खत्म हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से डीबीटी के माध्यम से पीएम किसान के तहत लगभग 10 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे किसान और अन्नदाता 'विकसित भारत' के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण और उन्हें सशक्त बनाने को प्राथमिकता दी है।
बजट 5 गुना बढ़ा, PM किसान योजना छोटे किसानों के लिए अहम
कृषि बजट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2013-14 के मुकाबले देश का कृषि बजट अब 5 गुना से ज्यादा हो गया है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, पीएम किसान योजना अब देश के करोड़ों छोटे किसानों के जीवन का एक अहम हिस्सा बन चुकी है।
सरकारी योजनाओं से मिला 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का लाभ
प्रधानमंत्री के अनुसार, विभिन्न सरकारी उपायों के माध्यम से पिछले वर्षों में किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का लाभ मिला है या उनकी इतनी बचत हुई है। उन्होंने कहा कि इसमें से करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये पीएम-किसान योजना के तहत सीधे छोटे किसानों के बैंक खातों में भेजे गए हैं।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच खाद की बढ़ती कीमतों से किसानों को बचाने के लिए किए गए सरकारी प्रयासों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतें तेजी से बढ़ने के बावजूद सरकार ने तय किया कि इसका अतिरिक्त बोझ किसानों पर न पड़े। प्रधानमंत्री ने कहा, किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हमारी सरकार ने कीमतों में बढ़ोतरी का यह बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। सरकार ने इस पर 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए।
सभा में चारपाइयों पर बैठे दिखे लोग
कार्यक्रम में लोगों के बैठने की अनूठी व्यवस्था पर भी प्रधानमंत्री ने बात की। इस कार्यक्रम में उपस्थित लोग पारंपरिक खाट पर बैठे हुए थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जनसभा ग्रामीण भारत के तौर-तरीकों और परंपराओं की वापसी को दिखाती है। प्रधानमंत्री ने कहा, देशभर के लोगों के लिए इस कार्यक्रम में सभी को चारपाइयों पर बैठे देखना एक सुखद आश्चर्य होगा। बनासकांठा ने हमारे गांवों की परंपराओं को पुनर्जीवित किया है। अगर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को इसके बारे में सूचित किया जाता, तो वे इसे एक विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता देते।
किस्त न आने पर यहां करें शिकायत
अगर आपके बैंक खाते में 24वीं किस्त नहीं पहुंची है, तो किसान पीएम किसान हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए आप 155261 और 1800-180-1551 पर कॉल कर सकते हैं। कॉल करने के बाद किसान को सबसे पहले अपनी समस्या बतानी होगी, जिसके बाद संबधित अधिकारी आपको बताएगा कि किस्त रुकने का कारण क्या है और इस तकनीकी या कागजी समस्या को कैसे ठीक किया जा सकता है।