विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Panipat Agri Stack Registration Of 18210 Farmers Pending Administration To Make Announcement In Villages

पानीपत : 18210 किसानों का एग्री स्टैक पंजीकरण बाकी, गांवों में मुनादी कराएगा प्रशासन

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 02 Nov 2026 07:10 PM IST
सार

पानीपत में 18,210 किसानों का एग्री स्टैक पंजीकरण बाकी है। फार्मर आईडी बनाने के लिए प्रशासन गांवों में मुनादी कराएगा और सरपंचों व नंबरदारों की मदद लेगा।

किसानों के लिए पंजीकरण जरूरी
किसानों के लिए पंजीकरण जरूरी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पानीपत जिले में एग्री स्टैक फार्मर पंजीकरण अभियान तेज किया जा रहा है। जिले में अब तक 27,799 किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 18,210 किसानों का पंजीकरण होना बाकी है। सभी किसानों को इस डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने के लिए प्रशासन अब गांव-गांव मुनादी कराएगा। इसके साथ ही सरपंचों, नंबरदारों और व्हाट्सएप ग्रुपों की मदद से किसानों को पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाएगा।

जिला सचिवालय में सोमवार को कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बचे हुए किसानों का जल्द पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सरपंचों और नंबरदारों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की।

क्या है एग्री स्टैक और किसानों को क्या होगा फायदा?
उपायुक्त ने बताया कि एग्री स्टैक के तहत किसानों की डिजिटल पहचान तैयार की जाएगी। इसके साथ ही उनकी कृषि भूमि का रिकॉर्ड भी ऑनलाइन उपलब्ध होगा। इससे सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ सही और पात्र किसानों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। योजना के तहत किसानों की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज होने से सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी आसान और पारदर्शी हो सकेगी।

पीएम किसान के 46 हजार से अधिक लाभार्थी
प्रशासन के अनुसार, पानीपत जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 46 हजार से अधिक किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 27,799 किसानों का एग्री स्टैक पंजीकरण पूरा हो चुका है। बाकी किसानों से भी जल्द पंजीकरण कराने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में उन्हें परेशानी न हो।

अधिकारियों को गांवों तक पहुंचने के निर्देश
उपायुक्त ने कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल से गांवों में अभियान चलाने को कहा है। बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, समालखा एसडीएम अमित कुमार, इसराना एसडीएम नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल और कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. बलवंत सहारण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन