विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Paddy Procurement To Begin In Dhamtari On November 15 Over 1 31 Lakh Farmers Registered

छत्तीसगढ़: धमतरी में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 1.31 लाख किसानों ने कराया पंजीयन

गांव जंक्शन डेस्क, रायपुर Published by: Umashankar Mishra Updated Sat, 14 Nov 2026 09:26 PM IST
सार

 छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में 1,31,491 किसान पंजीकृत हैं। इनके पास कुल 1,30,659 हेक्टेयर पंजीकृत भूमि है, जिसमें 1,22,058 हेक्टेयर में धान की खेती दर्ज है।

इस साल धमतरी जिले में कुल 1,31,491 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है।
इस साल धमतरी जिले में कुल 1,31,491 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से चले, इसके लिए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।

इस साल जिले में कुल 1,31,491 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। इन किसानों की कुल पंजीकृत भूमि 1,30,659 हेक्टेयर है। इसमें धान का रकबा 1,22,058 हेक्टेयर दर्ज किया गया है। बड़ी संख्या में किसानों के पंजीकरण को देखते हुए खरीदी केंद्रों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं
प्रशासन के अनुसार, सभी उपार्जन केंद्रों पर साफ-सफाई, घेराबंदी, बिजली, पेयजल और किसानों के बैठने की व्यवस्था की गई है। धान की तौल के लिए उपकरण, नमी मापने की मशीन और बारदाने भी उपलब्ध कराए गए हैं। खरीदे गए धान को सुरक्षित रखने के लिए भंडारण की व्यवस्था की गई है। निगरानी के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

संबंधित अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं पर नियमित नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि खरीदी के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

अवैध धान की आवक रोकने के लिए चेकपोस्ट
धान खरीदी के दौरान दूसरे क्षेत्रों से अवैध धान लाकर बेचने की कोशिशों को रोकने के लिए जिले के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में चेकपोस्ट बनाए गए हैं। यहां अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

इसके अलावा खरीदी व्यवस्था की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और उड़नदस्ता दल भी बनाए गए हैं। ये दल अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर धान के अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री पर नजर रखेंगे। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


विज्ञापन
विज्ञापन