आंध्र प्रदेश में धान की कटाई का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य में करीब 99 फीसदी सरकारी धान खरीद केंद्र अभी तक चालू नहीं हुए हैं। ऐसे में किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए निजी चावल मिलों और बिचौलियों का सहारा लेना पड़ रहा है। निजी खरीदार किसानों से 1,800 से 2,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर धान खरीद रहे हैं, जो केंद्र सरकार की ओर से तय न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से काफी कम है।
राज्य सरकार ने चालू खरीफ सीजन में 37 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है, लेकिन अब तक केवल 603 किसानों से 5,609 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। इसके लिए किसानों को करीब 13.70 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। खरीद की यह रफ्तार तय लक्ष्य के मुकाबले बेहद कम है। इससे किसानों को चिंता है कि अगर जल्द ही सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई तो उन्हें अपनी फसल कम दाम पर बेचनी पड़ सकती है।
पिछले साल 3 नवंबर से शुरू हुई थी सरकारी खरीद
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार सरकारी खरीद की तैयारी काफी धीमी है। पिछले खरीफ सीजन में सरकार ने 3 नवंबर से धान खरीद शुरू कर दी थी, जो फरवरी-मार्च तक चली थी। उस समय राज्य में 50.42 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया था। फसल की कटाई के साथ ही राज्यभर में खरीद केंद्र भी सक्रिय कर दिए गए थे। लेकिन इस बार ज्यादातर केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई है। किसानों को यह भी पता नहीं है कि बाकी केंद्र कब तक चालू होंगे।
चक्रवात अकवान ने बढ़ाई किसानों की चिंता
धान खरीद में देरी के बीच मौसम की मार ने भी किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। किसान पहले ही अल नीनो के प्रभाव और अर्नब व मुरासु जैसे लगातार आए चक्रवातों का सामना कर चुके हैं। अब चक्रवात अकवान का खतरा मंडराने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
किसानों को डर है कि खराब मौसम और बारिश से खेतों में कटी पड़ी धान की फसल या अस्थायी भंडारण में रखा अनाज खराब हो सकता है। यही वजह है कि कई किसान सरकारी खरीद का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द अपनी फसल बेचना चाहते हैं। जिन किसानों के पास अनाज सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, उनके सामने परेशानी और ज्यादा है।
बाजार में मांग बढ़ी, फिर भी MSP से कम मिल रहा भाव
दिलचस्प बात यह है कि बाजार में धान की मांग बढ़ रही है। संभावित कमी की आशंका के चलते चावल मिल मालिक और व्यापारी धान का स्टॉक जुटाने में लगे हैं। इसके बावजूद किसानों को उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है।
निजी चावल मिल मालिक और बिचौलिये सामान्य चावल के लिए इस्तेमाल होने वाले धान को 1,800 से 2,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर खरीद रहे हैं। जिन किसानों को तुरंत फसल बेचनी है, वे मजबूरी में इन भावों पर अपनी उपज बेच रहे हैं।
धान का MSP 2,441 रुपये प्रति क्विंटल
केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के लिए सामान्य किस्म के धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। वहीं, ग्रेड-ए धान का MSP 2,461 रुपये प्रति क्विंटल है। किसानों की मांग है कि राज्य सरकार जल्द से जल्द सभी खरीद केंद्र शुरू करे, ताकि उन्हें सरकारी समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके और निजी खरीदार कम दाम पर उनकी उपज न खरीद सकें।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।