विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Donkey Milk Business Worth Lakhs Himachal Opens Its First Donkey Farm Eyeing International Market

गधी के दूध से होगा लाखों का कारोबार? : हिमाचल में खुला पहला डंकी फार्म, अंतरराष्ट्रीय बाजार पर नजर

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 15 Nov 2026 01:56 PM IST
सार

  • हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के कंदरौर में शुरू हुआ पहला संगठित डंकी फार्म।

  • अंतरराष्ट्रीय बाजार में फार्मा और स्किन केयर उद्योगों में गधी के दूध की मांग।

  • गधी के दूध में लैक्टोज, व्हे प्रोटीन, लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैविक घटक पाए जाते हैं।

  • गधा पालन और दूध उत्पादन से युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा करने की उम्मीद।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में पशुपालन के क्षेत्र में एक नई पहल हुई है। बिलासपुर जिले के कंदरौर में प्रदेश का पहला संगठित डंकी फार्म (गधा फार्म) शुरू किया गया है। निजी कंपनी की ओर से स्थापित इस फार्म का उद्घाटन शनिवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। इस पहल से प्रदेश में पशुपालन आधारित नए कारोबार और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

डेयरी कॉन्क्लेव-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि गधा पालन और गधी के दूध का उत्पादन एक नए तरह का स्टार्टअप है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गधी के दूध की मांग फार्मा और स्किन केयर उद्योगों में है। इसका इस्तेमाल कुछ विशेष उत्पादों और सौंदर्य प्रसाधनों को बनाने में किया जाता है।

उन्होंने कहा कि गधी के दूध को व्यावसायिक रूप देने के लिए उसकी गुणवत्ता, उत्पादन और प्रसंस्करण पर वैज्ञानिक अध्ययन करना जरूरी है। साथ ही, बाजार में इसकी मांग और कारोबार की संभावनाओं को भी समझना होगा। इससे पशुपालन के क्षेत्र में नए उद्यम शुरू करने का रास्ता खुल सकता है।

गधी के दूध में पाए जाते हैं खास जैविक तत्व
मंत्री ने बताया कि गधी के दूध में लैक्टोज, व्हे प्रोटीन, लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैविक तत्व पाए जाते हैं। कई देशों में इसका इस्तेमाल सौंदर्य प्रसाधन और कुछ विशेष उत्पाद बनाने में किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी संभावनाओं को देखते हुए हिमाचल में भी इस क्षेत्र को विकसित किया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए दूध की गुणवत्ता बनाए रखने, सुरक्षित प्रसंस्करण और बाजार की जरूरतों को समझने पर ध्यान देना होगा।

युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
राजेश धर्माणी ने कहा कि इस तरह के नए प्रयोग युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुपालन से जुड़े नए व्यवसायों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है।

उन्होंने इस पहल के लिए कंपनी के संस्थापक संजीव सिंह ठाकुर और सह-संस्थापक सीरत तूर को बधाई दी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल वर्धन, एएसपी प्रताप ठाकुर, तहसीलदार बाल कृष्ण शर्मा, पंचायत प्रधान सुरेंद्र पाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन