विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Haryana Sugarcane Farmers Demand 600 Per Quintal Crushing Season Faces Uncertainty

हरियाणा : गन्ना किसानों का आंदोलन, 600 रुपये प्रति क्विंटल SAP की मांग

गांव जंक्शन डेस्क, रोहतक Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 18 Nov 2026 07:07 PM IST
सार

हरियाणा के गन्ना किसान राज्य परामर्श मूल्य (SAP) 430 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। किसानों ने मांग पूरी नहीं होने पर चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति रोकने की चेतावनी दी है।
 

किसानों ने हाल ही में घोषित 430 रुपये प्रति क्विंटल के SAP को अपर्याप्त बताया है।
किसानों ने हाल ही में घोषित 430 रुपये प्रति क्विंटल के SAP को अपर्याप्त बताया है। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। किसानों ने राज्य परामर्श मूल्य (SAP) 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है। आंदोलन की शुरुआत यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल के बाहर हुई है और इसके अन्य सहकारी एवं निजी मिलों तक फैलने की आशंका है।

किसानों ने हाल ही में घोषित 430 रुपये प्रति क्विंटल के SAP को अपर्याप्त बताया है। इसमें केवल 15 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। किसानों का कहना है कि खाद, कीटनाशक, डीजल, मशीनरी और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है। पिछले एक साल में चीनी की कीमत भी करीब 25 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ी है।

2 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी
संयुक्त किसान मोर्चा ने मांग पूरी नहीं होने पर 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास का घेराव करने की घोषणा की है। सरस्वती शुगर मिल को 17 नवंबर से पेराई शुरू करनी थी, जबकि राज्य की ज्यादातर मिलों में नवंबर के अंतिम सप्ताह में पेराई शुरू होने की उम्मीद है।

पांच साल में गन्ना उत्पादन 37.55 फीसदी घटा
राज्य सहकारिता विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में गन्ना उत्पादन 2020-21 के 858.78 लाख क्विंटल से घटकर 2025-26 में अनुमानित 536.24 लाख क्विंटल रह गया। इसमें 37.55 फीसदी की गिरावट है। औसत उपज भी 347.68 क्विंटल प्रति एकड़ से घटकर 329.59 क्विंटल रह गई।

राज्य की 14 चीनी मिलों की पेराई क्षमता के मुकाबले गन्ने की उपलब्धता कम है। इससे इथेनॉल उत्पादन की योजनाओं पर भी असर पड़ रहा है। शाहाबाद सहकारी चीनी मिल में 60 KLPD और सरस्वती शुगर मिल में 100 KLPD क्षमता का संयंत्र है। पानीपत और करनाल में भी 90 और 120 KLPD के संयंत्र विकसित किए जा रहे हैं।

ICAR-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र सिंह लाठर के अनुसार, पांच वर्षों में गन्ने का मूल्य 362 से बढ़कर 430 रुपये हुआ है। यानी कुल 68 रुपये की वृद्धि, जबकि औसत महंगाई करीब पांच फीसदी रही। इससे किसानों को गन्ने की खेती में वास्तविक मूल्य के लिहाज से सालाना करीब दो फीसदी नुकसान हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन