विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Non Basmati Rice Exports From India Increased By 6 7 Demand Increased Due To Cheaper Prices

Rice Export: भारत से गैर-बासमती चावल का निर्यात 6.7% बढ़ा, सस्ते दामों के कारण बढ़ी मांग

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 04:58 AM IST
सार

  • निर्यात में 6.7% की बढ़ोतरी: अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान भारत ने 88.4 लाख टन गैर-बासमती चावल का निर्यात किया।

  • सफेद चावल की मांग बढ़ी: इसका निर्यात 18.3% बढ़कर 28.2 लाख टन पहुंच गया।

  • टूटे चावल का निर्यात उछला: ब्रोकन राइस के निर्यात में 73.5% की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

  • पारबॉयल्ड चावल की मांग घटी: इसके निर्यात में 4.6% की गिरावट आई।

चावल
चावल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत से गैर-बासमती चावल के निर्यात में चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान देश से 88.4 लाख टन गैर-बासमती चावल का निर्यात हुआ, जो पिछले साल की इसी अवधि के 82.8 लाख टन के मुकाबले 6.7 फीसदी अधिक है। भारतीय चावल की प्रतिस्पर्धी कीमतों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग बढ़ी है। खासकर सफेद और टूटे चावल (ब्रोकन राइस) के निर्यात में अच्छी बढ़ोतरी हुई है।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान गैर-बासमती सफेद चावल का निर्यात 18.3 फीसदी बढ़कर 28.2 लाख टन पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 23.8 लाख टन था। वहीं, टूटे चावल का निर्यात 73.5 फीसदी की बड़ी बढ़त के साथ 9.8 लाख टन हो गया, जबकि पिछले साल यह 5.6 लाख टन था।

हालांकि, उबले चावल (पारबॉयल्ड राइस) के निर्यात में गिरावट आई है। इस श्रेणी में निर्यात 4.6 फीसदी घटकर 49 लाख टन रह गया, जो पिछले साल 51 लाख टन था। इसमें जीआई टैग वाली प्रीमियम किस्मों का 42,558 टन निर्यात भी शामिल है।

कम कीमत पर चावल बेचने से बढ़ा निर्यात
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का गैर-बासमती चावल निर्यात 6.4 फीसदी बढ़कर 150.4 लाख टन रहा था। इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में 141.3 लाख टन चावल का निर्यात हुआ था। हालांकि, निर्यात की मात्रा बढ़ने के बावजूद भारतीय कारोबारियों को प्रति टन कम कीमत मिली।

वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय निर्यातकों को औसतन 390 डॉलर प्रति टन की कीमत मिली, जबकि 2024-25 में यह 462 डॉलर प्रति टन थी। इस तरह निर्यात की मात्रा बढ़ी, लेकिन कम कीमत के कारण कुल कमाई पर दबाव रहा।

बासमती चावल के निर्यात में भी कुछ ऐसा ही रुझान देखने को मिला। वित्त वर्ष 2025-26 में बासमती चावल का निर्यात 7.6 फीसदी बढ़कर 65.2 लाख टन हो गया, जो पिछले साल 60.6 लाख टन था। लेकिन इसकी औसत कीमत 13 फीसदी घटकर 870 डॉलर प्रति टन रह गई। व्यापार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-अक्टूबर के दौरान बासमती चावल का निर्यात करीब 36 लाख टन पर स्थिर रहा।

विशेषज्ञों का कहना है कि भारत के पास चावल का पर्याप्त उत्पादन और निर्यात के लिए बड़ा अतिरिक्त भंडार होने के बावजूद देश अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर कीमत हासिल नहीं कर पा रहा है। दालों और खाद्य तेलों के मामले में भारत को आयात के लिए दूसरे देशों की तय की गई कीमतें चुकानी पड़ती हैं। वहीं, चावल के निर्यात में भी भारत अपनी कीमतों को मजबूती से तय नहीं कर पा रहा है। एक व्यापार नीति विशेषज्ञ के मुताबिक, किसी देश को बाजार में खरीदार या विक्रेता के रूप में अपनी स्थिति तय करनी होती है, लेकिन भारत चावल के मामले में ऐसा करने में सफल नहीं हो पा रहा है।

चावल की महंगाई रोकने के लिए निर्यात पर लग सकती है रोक
घरेलू बाजार में चावल की बढ़ती कीमतों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। खुदरा बाजार में चावल की महंगाई दर 12.51 फीसदी दर्ज की गई है। इसे देखते हुए सरकार घरेलू कीमतों को काबू में रखने के लिए निर्यात पर कुछ पाबंदियां लगाने समेत कई विकल्पों पर विचार कर रही है।

दूसरी ओर, चावल निर्यातकों ने सरकार से सामान्य चावल और प्रीमियम किस्मों के बीच अंतर करने की मांग की है। उनका कहना है कि कलानमक (उत्तर प्रदेश), कतरनी (बिहार), सीरगा सांबा या जीरा सांबा (तमिलनाडु), सांबा मसूरी (आंध्र प्रदेश और तेलंगाना) और गोविंदभोग (पश्चिम बंगाल) जैसी खास किस्मों की कीमतें सामान्य चावल से अधिक होती हैं।

गैर-बासमती चावल निर्यातकों के एक संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक, सामान्य चावल की कीमतों में फिलहाल स्थिरता है। सरकार भी राशन की दुकानों के जरिए इसी गुणवत्ता का चावल लोगों को उपलब्ध कराती है। उनके अनुसार, कीमतों में बढ़ोतरी मुख्य रूप से प्रीमियम किस्मों में हुई है, जिनके किसानों को सामान्य किस्मों के मुकाबले बेहतर दाम मिलते हैं।

उन्होंने कहा कि इन खास किस्मों की मांग तेजी से बढ़ी है, लेकिन उत्पादन उस रफ्तार से नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने ओडिशा और छत्तीसगढ़ सरकारों के सामान्य धान को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से अधिक कीमत पर बोनस देकर खरीदने के फैसले पर भी सवाल उठाए।

चावल निर्यात पर पहले भी लग चुकी हैं पाबंदियां
भारत सरकार ने सितंबर 2022 में टूटे चावल के निर्यात पर रोक लगा दी थी। इसके साथ ही धान, छिलके वाले भूरे चावल और गैर-बासमती सफेद चावल की कुछ श्रेणियों पर 20 फीसदी निर्यात शुल्क लगाया गया था।

जुलाई 2023 में गैर-बासमती सफेद चावल (पारबॉयल्ड चावल को छोड़कर) के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके बाद अगस्त 2023 में पारबॉयल्ड चावल पर 20 फीसदी निर्यात शुल्क और बासमती चावल के लिए न्यूनतम निर्यात मूल्य (MEP) लागू किया गया। हालांकि, सितंबर-अक्टूबर 2024 के दौरान न्यूनतम निर्यात मूल्य समेत ज्यादातर पाबंदियां हटा ली गईं। टूटे चावल के निर्यात पर लगी रोक मार्च 2025 तक जारी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन