देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी हवाओं और सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 25 नवंबर को केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। लक्षद्वीप में भी कई जगहों पर बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
दूसरी ओर, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ने लगा है। पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में 25 नवंबर की सुबह घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
IMD के अनुसार, 26 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से पहाड़ी इलाकों के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, मैदानी इलाकों में बड़ी बारिश की संभावना नहीं है। उत्तर भारत में फिलहाल शीतलहर का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट आने से ठंड बढ़ेगी।
श्रीनगर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में मंगलवार को इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यहां रात का पारा गिरकर माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने नवंबर के आखिरी दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने का अनुमान जताया है।
स्थानीय मौसम विभाग के निदेशक मुख्तार अहमद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि श्रीनगर में माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि नवंबर के अंत तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
दिल्ली-NCR में भी बढ़ेगी ठंड
दिल्ली-एनसीआर में भी ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में तापमान गिरने से सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। मौसम विभाग के 24 से 29 नवंबर तक के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान हल्का कोहरा छाया रह सकता है। अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले छह दिनों तक हर दिन हल्के कोहरे की संभावना जताई गई है। ऐसे में सुबह घर से निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।