विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Tribal Panel Seeks Special Employment Guarantee Programme In Drought Hit Areas Of Maharashtra

महाराष्ट्र : सूखा प्रभावित आदिवासी क्षेत्रों में विशेष रोजगार योजना लागू करने की मांग

गांव जंक्शन डेस्क, ठाणे Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 24 Nov 2026 11:07 PM IST
सार

महाराष्ट्र की राज्य स्तरीय आदिवासी विकास समीक्षा समिति ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सूखा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रोजगार गारंटी कार्यक्रम लागू करने की मांग की है। 

सूखा
सूखा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र की राज्य स्तरीय आदिवासी विकास समीक्षा समिति ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सूखा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रोजगार गारंटी कार्यक्रम लागू करने की मांग की है। समिति ने यह भी कहा है कि मजदूरों को नियमित और समय पर मजदूरी का भुगतान किया जाए तथा बकाया राशि जमा न होने की समस्या दूर की जाए।

समिति के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त विवेक पंडित ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि सूखे के कारण फसलें बर्बाद होने और कृषि मजदूरी का काम बंद होने पर ग्रामीण तथा आदिवासी परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाता है।

गांवों के आसपास रोजगार उपलब्ध कराने की मांग
पंडित ने कहा कि ऐसे समय में गांवों के भीतर या आसपास बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराना जरूरी है। मजदूरी की राशि सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में समय पर पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मजदूरी भुगतान में महीनों की देरी से परिवारों की खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ता है। इसलिए साप्ताहिक आधार पर मजदूरी भुगतान की योजना बनाई जानी चाहिए, ताकि निर्धारित पखवाड़े के भीतर राशि खातों में पहुंच सके।

भुगतान में देरी रोकने के लिए अलग व्यवस्था 
समिति ने इसके लिए एक समर्पित व्यवस्था बनाने का प्रस्ताव दिया है। इसमें केंद्र और राज्य के धन का समय पर समन्वय, जरूरत पड़ने पर राज्य स्तर से अस्थायी धन उपलब्ध कराना और प्रत्येक चरण के लिए निश्चित समयसीमा तय करना शामिल है।

इसके अलावा हर चरण की साप्ताहिक समीक्षा, गांववार श्रमिकों की सूची, पुराने बकाये के निपटारे के लिए सुधार शिविर और ग्राम पंचायत स्तर पर साप्ताहिक रिपोर्ट तैयार करने का सुझाव दिया गया है। नियमों के अनुसार मजदूरी भुगतान में देरी होने पर मुआवजा देने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

125 दिन के बाद भी काम देने की मांग
पंडित ने सूखा प्रभावित तालुकों और राजस्व मंडलों में रोजगार मांगने वाले श्रमिकों को निर्धारित समय के भीतर काम देने की मांग की है। इसके लिए मौखिक, लिखित और सामूहिक आवेदनों को स्वीकार करने तथा तारीख सहित पावती देने का सुझाव दिया गया है।

उन्होंने कहा कि 125 दिन के गारंटीकृत रोजगार की अवधि पूरी होने के बाद भी मांग बनी रहती है तो राज्य सरकार अपने धन से अतिरिक्त काम उपलब्ध कराए। फसल नुकसान के कारण कृषि गतिविधियां बंद होने की स्थिति में भी रोजगार कार्य जारी रखने का स्पष्ट प्रावधान होना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन