Home›Khabar Junction›
Uttarakhand To Launch Baini Bhuli Scheme In December 5 23 Lakh Rural Women To Get Rs 20 000 Each
उत्तराखंड : बैणी-भुली योजना दिसंबर में शुरू करेगी धामी सरकार, 5.23 लाख ग्रामीण महिलाओं को मिलेंगे 20-20 हजार र
गांव जंक्शन डेस्क, देहरादून
Published by: Umashankar Mishra
Updated Tue, 24 Nov 2026 10:53 PM IST
सार
उत्तराखंड सरकार दिसंबर में बैणी-भुली योजना शुरू करेगी। इसके तहत 5.23 लाख पात्र ग्रामीण महिलाओं को दो किस्तों में 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में 523 करोड़ रुपये जारी होंगे।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी।
- फोटो : गांव जंक्शन
उत्तराखंड सरकार दिसंबर में 'बैणी-भुली योजना' शुरू करने जा रही है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी 5.23 लाख पात्र ग्रामीण महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दो किस्तों में दी जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि योजना की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये दिसंबर में सीधे पात्र महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जाएंगे। शेष 10 हजार रुपये दूसरी किस्त में दिए जाएंगे।
पहली किस्त में 523 करोड़ रुपये होंगे जारी
राज्य सरकार के अनुसार, पहली किस्त के रूप में कुल 523 करोड़ रुपये राज्य के खजाने से जारी किए जाएंगे। योजना के तहत 5.23 लाख महिलाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सरकार चाहती है कि उत्तराखंड की हर बेटी को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें तथा महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।
ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं को लाभ
ग्रामीण विकास मंत्री भारत सिंह चौधरी ने बताया कि योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं को सीधी आर्थिक सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि महिलाएं कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के निर्माण के जरिये ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। सरकार आर्थिक सहायता और बेहतर आजीविका के अवसर देकर उनके प्रयासों को आगे बढ़ाना चाहती है।
लखपति दीदी अभियान को भी मिलेगी मजबूती
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लिए कई योजनाएं चला रहा है। इसके साथ स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन तथा महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने महिला कल्याण के लिए शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में सरकार की पहलों का भी उल्लेख किया। इनमें समान नागरिक संहिता का कार्यान्वयन भी शामिल है। चौधरी ने बताया कि शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को भी इस योजना जैसा लाभ देने के लिए सरकार जल्द अलग योजना लाएगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।