विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Maharashtra Sugarcane Price Declared At Rs 3700 Per Tonne Farmers To Get Rs 3500 In First Installment

महाराष्ट्र : गन्ने का भाव 3700 रुपये प्रति टन घोषित, किसानों को पहली किस्त में मिलेंगे 3500 रुपये

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 26 Nov 2026 05:35 PM IST
सार

  • गौरी शुगर ने गन्ने का भाव 3,700 रुपये प्रति टन घोषित किया।

  • किसानों को पहली किस्त में 3,500 रुपये प्रति टन मिलेंगे।

  • बाकी 200 रुपये और मुफ्त चीनी दिवाली पर दी जाएगी।

  • दूसरी चीनी मिलों पर भी गन्ने का बेहतर भाव देने का दबाव बढ़ा।

गन्ने की खेती
गन्ने की खेती - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में गन्ना किसानों के लिए राहत की खबर है। गौरी शुगर ने चालू पेराई सीजन के लिए गन्ने का भाव 3,700 रुपये प्रति टन घोषित किया है। यह भाव जिले की हिरडगांव और धवलगांव स्थित दोनों चीनी मिलों के लिए तय किया गया है। ओंकार शुगर ग्रुप के चेयरमैन बाबूराव बोत्रे पाटिल ने इसकी घोषणा की। इस फैसले से जिले में गन्ने के दाम को लेकर चल रहा विवाद खत्म होने की उम्मीद है।

कंपनी किसानों को पहली किस्त के रूप में 3,500 रुपये प्रति टन का भुगतान करेगी। बाकी 200 रुपये प्रति टन दिवाली के समय दिए जाएंगे। इसके साथ किसानों को मुफ्त चीनी भी दी जाएगी। गौरी शुगर की इस घोषणा के बाद जिले की दूसरी चीनी मिलों पर भी गन्ने का बेहतर भाव देने का दबाव बढ़ गया है।

दरअसल, स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी ने गन्ना किसानों को पहली किस्त के रूप में 3,500 रुपये प्रति टन देने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया था। इस आंदोलन के बाद गन्ने के भाव को लेकर चीनी मिलों और किसानों के बीच चर्चा तेज हो गई थी। अब गौरी शुगर की घोषणा से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

दो हिस्सों में तय होता है जिले में गन्ने का भाव
अहिल्यानगर जिले में गन्ने के भाव की तुलना आमतौर पर उत्तर और दक्षिण, दो क्षेत्रों के आधार पर की जाती है। जिले के दक्षिणी हिस्से की चीनी मिलों के भाव की तुलना पुणे जिले की बारामती एग्रो, दौंड शुगर, भीमाशंकर, निरानी ग्रुप, पाटस और अंबालिका जैसी मिलों से होती है।

पिछले सप्ताह दौंड शुगर ने गन्ने की पहली किस्त 3,500 रुपये प्रति टन देने की घोषणा की थी। इसके बाद दूसरी मिलों पर भी किसानों को बेहतर भाव देने का दबाव बढ़ गया। कई चीनी मिलें अब तक गन्ने का भाव घोषित करने से बच रही थीं। वे चीनी के बाजार भाव, इथेनॉल उत्पादन, बिजली उत्पादन और अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए फैसला लेना चाहती थीं।

किसानों को बेहतर कीमत देना हमारी जिम्मेदारी: बोत्रे पाटिल
ओंकार शुगर ग्रुप के चेयरमैन बाबूराव बोत्रे पाटिल ने कहा कि समूह की स्थापना किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से की गई है। किसान पूरे साल मेहनत करके गन्ना तैयार करते हैं। ऐसे में उन्हें उनकी फसल का उचित दाम देना समूह की जिम्मेदारी है। इसी वजह से किसानों को बेहतर कीमत देने का फैसला किया गया है।

नागवाडे चीनी मिल के भाव पर टिकी नजर
गौरी शुगर की घोषणा के बाद अब जिले की आर्थिक रूप से मजबूत सहकारी चीनी मिलों में शामिल नागवाडे चीनी मिल के फैसले पर किसानों की नजर है। मिल के चेयरमैन राजेंद्र नागवाडे ने संकेत दिया है कि अगले दो दिनों में गन्ने का भाव घोषित कर दिया जाएगा।

नागवाडे ने कहा कि चीनी उद्योग इस समय कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। बाजार में उतार-चढ़ाव और सरकारी नीतियों को लेकर अनिश्चितता बड़ी समस्याएं हैं। इसके बावजूद मिल ने किसानों को उचित और टिकाऊ भाव देने की नीति अपनाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस साल गन्ने के भाव के मामले में मिल पीछे नहीं रहेगी। किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

फिलहाल किसानों के आंदोलन, जिला प्रशासन के रुख और निजी चीनी मिलों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण इस पेराई सीजन में गन्ने का भाव बड़ा मुद्दा बन गया है। अब किसानों को इंतजार है कि जिले की दूसरी सहकारी और निजी चीनी मिलें गौरी शुगर की घोषणा के बाद क्या भाव तय करती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन