विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Maharashtra Sugarcane Crop Ravaged By Drought Sugar Mills Instructed To Harvest Early

महाराष्ट्र : सूखे से बर्बाद हो रही गन्ने की फसल, चीनी मिलों को जल्द कटाई के निर्देश

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 13 Nov 2026 06:40 PM IST
सार

महाराष्ट्र के लातूर जिले में सूखे से गन्ने की फसल को नुकसान हुआ है। पूर्व मंत्री अमित देशमुख ने चीनी मिलों को जल्द कटाई के निर्देश दिए और किसानों को मुआवजे का भरोसा दिलाया।

गन्ने की फसल
गन्ने की फसल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के लातूर जिले में पानी की कमी से गन्ने और दूसरी फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। खेतों में खड़ी गन्ने की फसल सूख रही है। किसानों को नुकसान से बचाने के लिए पूर्व मंत्री अमित देशमुख ने चीनी मिलों से प्रभावित खेतों में गन्ने की जल्द कटाई कराने की अपील की है। साथ ही उन्होंने किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए राज्य सरकार के सामने मुद्दा उठाने का भरोसा दिया।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमित देशमुख ने गुरुवार को लातूर जिले के एकुरगा, हिसोरी और खंडाला गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सूखे से प्रभावित खेतों का जायजा लिया और किसानों से बातचीत की। किसानों ने बताया कि बारिश कम होने और भूजल स्तर गिरने से फसलों की बढ़वार प्रभावित हुई है। गांवों में कुएं और बोरवेल सूखने से सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। ऐसे में कुछ किसानों को नुकसान कम करने के लिए समय से पहले ही खड़ी गन्ने की फसल काटनी पड़ रही है।

देशमुख ने एकुरगा गांव में देवानंद गाडे, हिसोरी में जयराम जनार्दन शिंदे और खंडाला में हरिश्चंद्र श्रीहरि जडके के खेतों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि फसल के नुकसान का मुआवजा दिलाने के लिए राज्य सरकार के सामने यह मामला उठाया जाएगा।

सूखे से प्रभावित गन्ने की पहले होगी कटाई
अमित देशमुख ने मांजरा समूह की चीनी मिलों से कहा कि वे सूखे से प्रभावित खेतों के गन्ने की कटाई को प्राथमिकता दें। साथ ही गन्ने को जल्द से जल्द खेतों से मिल तक पहुंचाने की व्यवस्था करें, ताकि किसानों को और नुकसान न उठाना पड़े।

इसके बाद उन्होंने निवाली स्थित विलास सहकारी चीनी मिल का दौरा किया। यहां मांजरा समूह की चीनी मिलों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आगामी पेराई सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने गन्ने की कटाई और ढुलाई के बीच बेहतर तालमेल बनाने, मशीनों का सही इस्तेमाल करने और खेतों से मिल तक गन्ना पहुंचाने में देरी रोकने के निर्देश दिए।

किसानों ने उठाया PM-किसान की किस्त का मुद्दा
दौरे के दौरान किसान भैरवनाथ जडके ने बताया कि खंडाला, हिसोरी और शिराला गांवों के कई किसानों को अभी तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-किसान) की किस्त नहीं मिली है। इस पर अमित देशमुख ने लातूर के सांसद डॉ. शिवाजी कालगे से फोन पर बात की। सांसद ने किसानों की शिकायतों की जांच कराने और पात्र किसानों को किस्त दिलाने के लिए अधिकारियों से बात करने का भरोसा दिया।

इस मौके पर पूर्व विधायक एवं विलास सहकारी चीनी मिल के उपाध्यक्ष वैजनाथ शिंदे, लातूर के तहसीलदार सौदागर तांडले, खंड विकास अधिकारी श्याम गोडभरेले, मांजरा फार्मर्स सहकारी चीनी मिल के उपाध्यक्ष अशोक काले, पूर्व जिला परिषद सदस्य धनंजय देशमुख सहित चीनी मिलों के अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन