विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Maharashtra Announces 5 Kg Foodgrains For Farmers In Drought Hit Areas

महाराष्ट्र : सूखे से जूझ रहे किसानों को राहत, मांगने पर मिलेगा 5 किलो अनाज

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 25 Nov 2026 07:55 PM IST
सार

महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए कई फैसले किए हैं। राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को बताया कि सूखा प्रभावित तालुकों के किसानों को मांग करने पर 5 किलो खाद्यान्न दिया जाएगा। कैबिनेट की बैठक में फसल, पानी की उपलब्धता, जलाशयों में भंडारण और चारे की कमी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। जानिए, विस्तार से...

सूखा
सूखा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र सरकार सूखा प्रभावित तालुकों के किसानों को मांगने पर प्रति व्यक्ति 5 किलो खाद्यान्न उपलब्ध कराएगी। जल संरक्षण तालाबों की गाद सड़क निर्माण में इस्तेमाल होगी और किसानों को राहत देने के लिए कई अन्य फैसले भी किए गए हैं।

राज्य में मानसून की कमी के कारण विशेष रूप से मराठवाड़ा और विदर्भ में कृषि और जल संकट गहराया है। हालिया फैसलों के बाद महाराष्ट्र के 358 में से 310 तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित किया गया है। यह राज्य के करीब 86.5 फीसदी क्षेत्र को कवर करता है।

तालाबों की गाद से बनेंगी सड़कें
बावनकुले ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सुझाव पर जल संरक्षण तालाबों से निकाली गई गाद और मिट्टी का इस्तेमाल सड़क निर्माण में किया जाएगा। इसके लिए बिहार में सफल रहे प्रयोग के आधार पर समझौता किया जाएगा। नागपुर में होने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान इस समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।

इससे बड़े जलाशयों और तालाबों से गाद निकालने में मदद मिलेगी। साथ ही, राज्य और केंद्र सरकार की ओर से बनने वाले पुलों को पुल-सह-बांध (ब्रिज-कम-कॉजवे) के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे नदियों में पानी रोकने के लिए छोटे बांध बनाए जा सकेंगे।

एक करोड़ किसानों के खातों में पहुंचे 5,000 रुपये
मंत्री ने बताया कि एक करोड़ किसानों के खातों में 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता भेजी जा चुकी है। वन भूमि अधिकार धारकों की मांग भी स्वीकार कर ली गई है। दिवटी तालुका में खेती करने वाले किसानों को भी सहायता दी जाएगी।

ग्राम पंचायत के तालाबों से निकाली गई गाद किसानों को खेतों में इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए 30 जून तक की दरें तय कर दी गई हैं। सरकार ने बिजली कनेक्शन नहीं होने वाली पेयजल योजनाओं के लिए भी धन उपलब्ध कराने का फैसला किया है।

सोलापुर में पशुओं के लिए चारा शिविर स्थापित करने और चारे की आपूर्ति की दरों को भी मंजूरी दी गई है। प्रस्ताव मिलने पर सरकारी चरागाह भूमि पर गौशालाएं चलाने और तालाब विकसित करने के प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन