विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Bihar Water Chestnut Cultivation Which On Hold 10 Years Ago New Lease Of Life 70 Farmers Have Been Taught Tech

बिहार : 10 साल पहले सिमटी मखाने की खेती को मिलेगा नया जीवन, 70 किसानों को सिखाई तकनीक

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 07:22 PM IST
सार

बिहार के पश्चिम चंपारण में मखाने की खेती को फिर बढ़ावा देने की तैयारी है। कृषि विज्ञान केंद्र ने 70 किसानों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया। जानिए कैसे बढ़ेगा मखाना उत्पादन।

मखाना
मखाना - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के पश्चिम चंपारण में कभी बड़े पैमाने पर होने वाली मखाने की खेती धीरे-धीरे सिमटती चली गई। अब इसे दोबारा बढ़ावा देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए कृषि वैज्ञानिकों ने जिले के करीब 70 किसानों को मखाने की आधुनिक खेती का प्रशिक्षण दिया। किसानों को बीज के चुनाव से लेकर पौधों की रोपाई, खाद और पानी के प्रबंधन तक की जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य किसानों को खेती का एक नया विकल्प देना और उनकी आमदनी बढ़ाने के रास्ते खोलना है।

कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), माधोपुर की ओर से डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा और राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा के सहयोग से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बुधवार को हुए इस कार्यक्रम में जिले के करीब 70 किसानों ने हिस्सा लिया।

वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की दी जानकारी
कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री और बेतिया की विधायक रेणु देवी ने कहा कि पश्चिम चंपारण में खेती और जल संसाधनों की काफी संभावनाएं हैं। किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ मखाने जैसी दूसरी फसलों को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने की अपील की, ताकि उत्पादन बेहतर हो सके और उन्हें इसका लाभ मिल सके।

केवीके माधोपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि करीब एक दशक पहले पश्चिम चंपारण के कई क्षेत्रों में मखाने की खेती होती थी, लेकिन समय के साथ इसका दायरा कम हो गया। अब किसानों को दोबारा इस खेती से जोड़ने और आधुनिक तकनीक की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

बीज से लेकर पानी के प्रबंधन तक की ट्रेनिंग
राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा के प्रभारी निदेशक डॉ. आईएस सिंह ने किसानों को मखाने की वैज्ञानिक खेती के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अच्छी गुणवत्ता वाले बीज के चयन, नर्सरी तैयार करने, पौधों की रोपाई और फसल में पोषक तत्वों के प्रबंधन की जानकारी दी। साथ ही, बेहतर उत्पादन के लिए पानी का सही प्रबंधन करने के तरीके भी समझाए।

किसानों को मिलेगा खेती का नया विकल्प
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पश्चिम चंपारण में मखाने की खेती को फिर से बढ़ावा देना है। वैज्ञानिक तरीके अपनाने से किसान इस फसल का बेहतर उत्पादन कर सकेंगे। इससे उन्हें पारंपरिक फसलों के अलावा कमाई का एक और विकल्प मिल सकता है। कृषि वैज्ञानिकों की इस पहल से जिले में मखाने की खेती का दायरा बढ़ाने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन