Home›Khabar Junction›
Maharashtra Affluent Farmers Should Return Rs 5000 Aid Minister Makes Special Appeal To Needy Farmers
महाराष्ट्र : संपन्न किसान लौटाएं 5000 रुपये की मदद, जरूरतमंद किसानों के लिए मंत्री ने की खास अपील
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 08 Nov 2026 06:10 PM IST
सार
महाराष्ट्र में मंत्री गिरीश महाजन ने संपन्न किसानों से सूखा राहत के 5,000 रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में लौटाने की अपील की है। जानें 7,500 करोड़ की राहत योजना और अब तक हुए भुगतान का पूरा अपडेट।
महाराष्ट्र में सूखा प्रभावित किसानों को सरकार की ओर से दी जा रही आर्थिक सहायता के बीच आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने संपन्न किसानों से खास अपील की है। उन्होंने कहा है कि जिन किसानों को आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है, वे सरकार से मिले 5,000 रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में स्वेच्छा से वापस जमा करा दें। इससे आर्थिक संकट से जूझ रहे जरूरतमंद किसानों की मदद की जा सकेगी।
महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने शनिवार को जलगांव जिले में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह अपील की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सक्षम किसान इस राशि को जरूरतमंद किसानों की सहायता के लिए योगदान के रूप में दे सकते हैं।
महाजन ने बताया कि शनिवार सुबह उनके विधानसभा क्षेत्र के कई किसान और पार्टी कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे थे। इन लोगों ने कहा कि उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है और उनके पास कमाई के दूसरे साधन भी हैं। इसलिए वे सरकार से मिले 5,000 रुपये वापस करना चाहते हैं। मंत्री के मुताबिक, करीब 50 किसानों ने इस संबंध में अपनी सहमति जताई है।
जरूरतमंद किसानों की मदद के लिए आगे आएं संपन्न लोग
गिरीश महाजन ने कहा कि मुश्किल समय में अन्नदाता किसानों के साथ खड़े होने की जरूरत है। उन्होंने आर्थिक रूप से सक्षम किसानों और अन्य लोगों से मुख्यमंत्री राहत कोष में योगदान देने की अपील की।मंत्री ने यह भी कहा कि वह खुद लोगों से संपर्क कर उन्हें इस पहल के लिए प्रोत्साहित करेंगे। उनका कहना है कि जिन किसानों को 5,000 रुपये की सहायता की जरूरत नहीं है, वे अपनी इच्छा से यह रकम लौटाकर आर्थिक परेशानी झेल रहे किसानों की मदद कर सकते हैं।
महाराष्ट्र सरकार ने मंजूर किए 7,500 करोड़ रुपये
महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार ने 27 अक्टूबर को राज्य के 304 सूखा प्रभावित तालुकों के किसानों के लिए 7,500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की थी। खरीफ सीजन में जिन किसानों की फसल को 33 फीसदी से अधिक नुकसान हुआ है, उन्हें इस राहत योजना में शामिल किया गया है। सरकार ने सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजने का फैसला किया है। इसी योजना के तहत दिवाली से पहले पात्र किसानों को 5,000 रुपये की अग्रिम सहायता देने की घोषणा की गई थी।
87 लाख से अधिक किसानों के खाते में पहुंचे पैसे
महाराष्ट्र के राहत एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद जाधव पाटिल ने शुक्रवार को बताया कि 5 नवंबर तक राज्य सरकार 87,45,669 किसानों के बैंक खातों में 4,372.83 करोड़ रुपये भेज चुकी है। उन्होंने कहा कि बाकी पात्र किसानों तक भी सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। कुछ किसानों के बैंक खातों की जानकारी में गड़बड़ी और तकनीकी समस्याओं के कारण भुगतान में देरी हुई है। प्रशासन इन दिक्कतों को दूर करने में जुटा है, ताकि सभी पात्र किसानों को जल्द से जल्द राहत राशि मिल सके।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।