मध्य प्रदेश : 466 पशुपालकों को मिले 2.95 करोड़ रुपये, गौशालाओं का अनुदान भी हुआ दोगुना
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Mon, 09 Nov 2026 06:24 PM IST
सार
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 466 पशुपालकों को 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी। वहीं, 3 हजार से अधिक गौशालाओं के लिए 65.66 करोड़ रुपये जारी किए और प्रति गाय अनुदान 20 से बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्यस्तरीय गोवर्धन पूजा एवं पशुपालक सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत सम्मानित 466 पशुपालकों के खातों में 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि ट्रांसफर की।
इस योजना के तहत प्रथम पुरस्कार पाने वाले पशुपालकों को 1 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वालों को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर आने वालों को 25 हजार रुपये दिए गए। इन पशुपालकों का चयन 27 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच आयोजित दूध उत्पादन प्रतियोगिता के आधार पर किया गया। यह प्रतियोगिता प्रदेश के 208 चयनित वृंदावन गांवों में हुई थी।
गौशालाओं के लिए 65.66 करोड़ रुपये जारी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में रखे गए 5.51 लाख से ज्यादा गोवंश के रखरखाव के लिए 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि भी जारी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति ने हमें बहुत कुछ दिया है। इसलिए हमें उसके प्रति आभार जताने के साथ उसकी रक्षा भी करनी चाहिए। गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रज के लोगों और उनके पशुओं को बाढ़ से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत उठाया था। यह मानवता की रक्षा और सामूहिक सहयोग का उदाहरण है।
दो साल में मध्य प्रदेश को बनाएंगे देश की दुग्ध राजधानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्वेत क्रांति 2.0 के तहत डेयरी सहकारी समितियों को मजबूत करने पर काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में मध्य प्रदेश को देश की दुग्ध राजधानी बनाना है। इसके लिए दूध संग्रह की क्षमता को मौजूदा 12 लाख किलोग्राम प्रतिदिन से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के लिए गोवंश संरक्षण के साथ पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना भी प्राथमिकता है। इसके लिए अच्छी नस्ल के पशुओं के पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गिर और साहीवाल नस्ल की गायों में दूध उत्पादन की बेहतर क्षमता होती है।
गौशालाओं को अब प्रति गाय 40 रुपये अनुदान
मुख्यमंत्री ने गौशालाओं को मिलने वाले अनुदान में भी बढ़ोतरी की घोषणा की। अब गौशालाओं को प्रत्येक गाय के रखरखाव के लिए 20 रुपये की जगह 40 रुपये दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य गौशालाओं को मजबूत करना और गोवंश के लिए पौष्टिक चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गोवंश संरक्षण के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं और गौशाला संचालकों को भी सम्मानित किया। इससे पहले उन्होंने भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में गोवर्धन पूजा की। इस दौरान गौशाला में गायों की पूजा-अर्चना और आरती की तथा प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।