विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Climate Crisis Heat Records Broken End Of Year El Ni O Expected Increase Risk Of Catastrophe By 2027

Climate crisis: साल के अंत तक टूट सकते हैं गर्मी के रिकॉर्ड, 2027 तक अल नीनो बढ़ाएगा तबाही का खतरा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 09 Nov 2026 06:52 PM IST
सार

WMO की रिपोर्ट के मुताबिक 2026 में धरती का तापमान 1.47 डिग्री बढ़ा। मजबूत अल नीनो से 2027 तक हीटवेव, सूखा, बाढ़ और समुद्र के बढ़ते जलस्तर का खतरा बढ़ सकता है।

2027 तक अल नीनो बढ़ाएगा तबाही का खतरा
2027 तक अल नीनो बढ़ाएगा तबाही का खतरा - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दुनिया में जलवायु परिवर्तन का खतरा लगातार बढ़ रहा है। साल 2026 में भी धरती का तापमान बढ़ने, ग्लेशियर पिघलने और समुद्र का जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल भी दुनिया में तापमान के नए रिकॉर्ड बनने की आशंका है। वहीं, अल नीनो (El Niño) की मजबूत स्थिति इस संकट को 2027 तक बढ़ा सकती है। इससे हीटवेव, तूफान और भारी बारिश जैसी मौसमी घटनाएं अधिक गंभीर हो सकती हैं।

WMO की 'स्टेट ऑफ द क्लाइमेट अपडेट 2026' रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 12 साल अब तक के सबसे गर्म साल रहे हैं। इनमें 2023 से 2026 के बीच के चार साल सबसे ज्यादा गर्म दर्ज किए गए हैं। धरती का बढ़ता तापमान पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और लोगों की आजीविका के लिए बड़ा खतरा बन रहा है।

1.47 डिग्री तक पहुंचा धरती का तापमान
रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच धरती का औसत सतही तापमान औद्योगिक काल से पहले (1850-1900) के औसत तापमान से करीब 1.47 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अल नीनो के प्रभाव से साल के अंत तक इसमें और बढ़ोतरी होने की आशंका है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, दिसंबर तक अल नीनो की स्थिति काफी मजबूत हो सकती है। यह अब तक के सबसे शक्तिशाली अल नीनो में से एक हो सकता है। आमतौर पर अल नीनो के कारण दुनिया के औसत तापमान में 0.1 से 0.2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होती है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि ग्रीनहाउस गैसों के कारण धरती की गर्मी बाहर नहीं निकल पा रही है। इससे पृथ्वी का ऊर्जा संतुलन बिगड़ रहा है। यानी धरती जितनी ऊर्जा सूर्य से ले रही है, उससे कम ऊर्जा वापस अंतरिक्ष में भेज पा रही है। इस अतिरिक्त गर्मी का करीब 90 फीसदी हिस्सा समुद्र सोख रहा है। साल 2026 लगातार दसवां साल हो सकता है, जब समुद्र में गर्मी का नया रिकॉर्ड बनेगा।

समुद्र का जलस्तर और ग्लेशियर पिघलने का खतरा बढ़ा
जलवायु परिवर्तन का असर समुद्र और ग्लेशियरों पर भी दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में समुद्र का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। समुद्र की सतह का तापमान भी कई बार नए रिकॉर्ड स्तर पर दर्ज किया गया। दुनियाभर में ग्लेशियर लगातार सिकुड़ रहे हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि 2025 में ग्लेशियरों से जितनी बर्फ पिघली, उससे पांच ओलंपिक आकार के स्विमिंग पूल हर सेकंड भरे जा सकते थे। वहीं, 2014 से दुनिया में मीठे पानी के भंडार में लगातार कमी आ रही है।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि दुनिया जलवायु संकट के एक नए दौर में पहुंच गई है। अल नीनो और इंसानों की गतिविधियों से बढ़ रही ग्लोबल वार्मिंग मिलकर हालात को और गंभीर बना रहे हैं। उन्होंने देशों से ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन तेजी से कम करने, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाने और जलवायु संकट से प्रभावित देशों को आर्थिक मदद देने की अपील की।

भारत में 14.65 करोड़ लोग लू की चपेट में आए
रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2026 में भारत में आई हीटवेव के दौरान करीब 14.65 करोड़ लोग भीषण गर्मी की चपेट में आए। वहीं, अगस्त के आखिरी दिनों में हिमालयी ग्लेशियर टूटने और उसके बाद आई अचानक बाढ़ से नेपाल में 1,300 से अधिक लोगों की मौत हुई। इस आपदा का नेपाल की अर्थव्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ा।

अल नीनो से बढ़ सकती हैं स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं
रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि मजबूत अल नीनो जलवायु और स्वास्थ्य संबंधी खतरों को बढ़ा सकता है। इसके कारण गर्मी, सूखा और भारी बारिश जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। इससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होने का खतरा है। इनमें लू लगना, जंगलों में आग से निकलने वाले धुएं के कारण वायु प्रदूषण, कुपोषण, खाद्य संकट और चोट लगने जैसी समस्याएं शामिल हैं।

इसके अलावा दूषित पानी और मच्छरों के जरिए फैलने वाली बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने पहली बार अल नीनो से संभावित स्वास्थ्य प्रभावों को स्वास्थ्य आपातकाल के रूप में वर्गीकृत किया है। रिपोर्ट के अनुसार, जलवायु परिवर्तन का असर अब केवल तापमान बढ़ने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर खेती, खाद्य सुरक्षा, पानी की उपलब्धता, लोगों के स्वास्थ्य और आजीविका पर पड़ रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन