उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले की मूंगफली की मांग अब देश के साथ विदेशों में भी बढ़ रही है। यहां की मूंगफली गुजरात के तीन बंदरगाहों मुद्रा, भुज और पोपाई के रास्ते मलेशिया समेत कई देशों में भेजी जा रही है। इस बार किसानों को मूंगफली के 7,500 रुपये प्रति क्विंटल तक दाम मिले हैं। पिछले चार वर्षों में जिले में मूंगफली का उत्पादन भी करीब दोगुना हो गया है।
वर्ष 2022-23 में जिले में 18,321 मीट्रिक टन मूंगफली का उत्पादन हुआ था। यह वर्ष 2025-26 में बढ़कर 36,004 मीट्रिक टन पहुंच गया। जिले में मूंगफली की खेती का रकबा और उत्पादन पिछले चार-पांच वर्षों से लगातार बढ़ रहा है। गल्ला मंडी में पिछले दो महीने से रोजाना करीब 10 से 12 क्विंटल मूंगफली की आवक हो रही है। हालांकि, पिछले दो-तीन दिनों में आवक कुछ कम हुई है। मंडी में पिछले साल के मुकाबले इस बार मूंगफली की आवक कम बताई जा रही है।
मलेशिया समेत कई देशों में हो रहा निर्यात
व्यापारी रामस्वरूप साहू के मुताबिक, ललितपुर की मूंगफली गुजरात के मुद्रा, भुज और पोपाई बंदरगाहों तक पहुंचाई जाती है। वहां से इसे दूसरे देशों में निर्यात किया जाता है। सबसे ज्यादा मूंगफली मलेशिया भेजी जाती है। इसके अलावा मांग के अनुसार अन्य देशों में भी इसकी सप्लाई होती है। देश में भी ललितपुर की मूंगफली की अच्छी मांग है। गुजरात, चेन्नई, कोलकाता, ओडिशा, महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर राज्यों, तेलंगाना और कर्नाटक में इसकी खपत होती है।
चार साल में दोगुना हुआ उत्पादन
जिले में पिछले चार वर्षों के दौरान मूंगफली का उत्पादन तेजी से बढ़ा है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022-23 में 18,321 मीट्रिक टन उत्पादन हुआ था। वर्ष 2023-24 में यह घटकर 17,409 मीट्रिक टन रह गया। इसके बाद वर्ष 2024-25 में उत्पादन बढ़कर 28,288 मीट्रिक टन और वर्ष 2025-26 में 36,004 मीट्रिक टन हो गया। अपर जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पिछले चार वर्षों में जिले में मूंगफली का उत्पादन करीब दोगुना हुआ है। इस बार के उत्पादन का आकलन किया जा रहा है।
मंडी में पिछले साल से कम आवक
मंडी सचिव धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गल्ला मंडी में मूंगफली की अच्छी आवक हो रही है, लेकिन पिछले साल की तुलना में इस बार आवक कम है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।