Home›Khabar Junction›
Himachal Pradesh Illegal Cultivation Of Opium And Cannabis Has Risen Sharply Over 2 8 Million Plants Destroyed
हिमाचल प्रदेश : राज्य में तेजी से बढ़ी अफीम और भांग की अवैध खेती, 28 लाख से ज्यादा पौधे नष्ट
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 29 Nov 2026 09:22 AM IST
सार
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई। अक्तूबर 2026 तक अफीम और भांग के 28 लाख से अधिक पौधे नष्ट किए गए। चिट्टे की रिकॉर्ड बरामदगी भी हुई।
हिमाचल प्रदेश में अफीम और भांग की अवैध खेती के मामले बढ़ रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई में इस साल अक्तूबर तक दोनों नशीली फसलों के 28 लाख से अधिक पौधे नष्ट किए जा चुके हैं। इनमें अफीम के 11.85 लाख और भांग के 16.27 लाख पौधे शामिल हैं। यह संख्या पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक है।
प्रदेश पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 के शुरुआती दस महीनों में अफीम के 11,85,897 पौधे नष्ट किए गए। वहीं, वर्ष 2025 में पूरे साल 3,95,069 पौधे उखाड़े गए थे। इस तरह इस साल अक्तूबर तक ही पिछले साल के मुकाबले तीन गुना से अधिक पौधों पर कार्रवाई की गई है।
छह साल में अफीम के पौधे नष्ट करने के आंकड़ों में उतार-चढ़ाव
पिछले छह वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो अफीम की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई में काफी उतार-चढ़ाव रहा है। वर्ष 2021 में सबसे अधिक 24,92,491 पौधे नष्ट किए गए थे। इसके बाद 2022 में यह संख्या घटकर 70,602 रह गई। वर्ष 2023 में फिर तेजी आई और 15,53,403 पौधे उखाड़े गए। इसके बाद वर्ष 2024 में 3,78,152 और 2025 में 3,95,069 पौधे नष्ट किए गए। अब 2026 में अक्तूबर तक ही 11.85 लाख से अधिक पौधे नष्ट किए जा चुके हैं।
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी के अनुसार, हिमाचल पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। अवैध खेती करने वालों से लेकर नशीले पदार्थों की तस्करी और इसमें शामिल नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
भांग के 16.27 लाख पौधे भी उखाड़े
अफीम के साथ भांग की अवैध खेती के खिलाफ भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2025 में भांग के 7,13,137 पौधे नष्ट किए गए थे, जबकि इस साल अक्तूबर तक 16,27,329 पौधे उखाड़े जा चुके हैं। यह संख्या पिछले साल के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, अफीम और भांग के कुल 28,13,226 पौधे नष्ट किए गए हैं। इसके अलावा भुक्की की बरामदगी भी बढ़ी है। वर्ष 2025 में 508.691 किलोग्राम भुक्की बरामद हुई थी, जबकि 2026 में अक्तूबर तक यह मात्रा बढ़कर 1,753.43 किलोग्राम पहुंच गई।
चिट्टे की रिकॉर्ड बरामदगी, चरस की मात्रा घटी
हिमाचल पुलिस ने इस साल अक्तूबर तक 19.91 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया है। इसे अब तक की रिकॉर्ड बरामदगी बताया गया है। वहीं, चरस की बरामदगी 290.031 किलोग्राम दर्ज की गई, जो पिछले दस वर्षों में सबसे कम बताई गई है।
अवैध शराब के 546 मामले दर्ज, 29 हजार लीटर से ज्यादा बरामद
प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। चालू वित्त वर्ष में विभाग ने प्रदेशभर में अवैध शराब के 546 मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान कुल 29,542.153 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा 13,797.550 लीटर लाहन भी पकड़ी गई और उसे नष्ट कर दिया गया।
जिलावार कार्रवाई में सोलन सबसे आगे रहा। यहां से 7,504.074 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई। कुल्लू में 6,773.890, बिलासपुर में 3,179.240 और मंडी में 1,823.600 बल्क लीटर अवैध शराब पकड़ी गई। विभाग ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए विशेष टीमें बनाई हैं। साथ ही लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0177-2620426 और व्हाट्सऐप नंबर 94183-31426 जारी किए गए हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।