केंद्र सरकार की लखपति दीदी योजना से ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है। इस योजना के तहत जून 2026 तक देश की 3.76 करोड़ स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। अब सरकार ने मार्च 2029 तक 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। योजना के तहत महिलाओं को खेती, पशुपालन, छोटे कारोबार और दूसरे रोजगार से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद दी जा रही है।
भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) अहमदाबाद के एक स्वतंत्र आकलन के मुताबिक, लखपति दीदी योजना से जुड़े परिवारों की औसत मासिक आमदनी में 61 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, इन परिवारों की औसत मासिक बचत भी 61.7 फीसदी बढ़ी है। इस आकलन में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 6,531 लोगों को शामिल किया गया था।
क्या है लखपति दीदी योजना?
लखपति दीदी योजना की शुरुआत 15 अगस्त 2023 को की गई थी। इसका मकसद ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपना रोजगार या कारोबार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
योजना के तहत ऐसी महिला को लखपति दीदी माना जाता है, जिसके परिवार की सालाना आमदनी कम से कम 1 लाख रुपये हो। इसमें महिला की व्यक्तिगत कमाई के बजाय पूरे परिवार की आमदनी देखी जाती है। खेती और गैर-कृषि गतिविधियों से होने वाली कमाई को इसमें शामिल किया जाता है। खर्च घटाने के बाद परिवार की आमदनी कम से कम एक लाख रुपये होनी चाहिए। साथ ही यह कमाई पूरे साल बनी रहनी चाहिए।
शुरुआत में इस योजना के तहत 2 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया था। फरवरी 2024 में इसे बढ़ाकर 3 करोड़ कर दिया गया। इसके बाद फरवरी 2026 में सरकार ने मार्च 2029 तक 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया।
3.76 करोड़ महिलाएं बनीं लखपति दीदी
सरकार के मुताबिक, जून 2026 तक 3.76 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने में सफलता मिली है। वहीं, 5.70 करोड़ महिलाओं की पहचान संभावित लखपति दीदी के रूप में की गई है। इन महिलाओं को आमदनी बढ़ाने के लिए जरूरी मदद दी जा रही है। योजना का लाभ स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं तक पहुंचाया जा रहा है। इन समूहों के माध्यम से महिलाओं को बैंक से कर्ज, प्रशिक्षण, रोजगार के साधन और बाजार से जुड़ने के अवसर मिलते हैं।
स्वयं सहायता समूहों के जरिए मिल रही मदद
लखपति दीदी योजना को दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत लागू किया जा रहा है। इस मिशन की शुरुआत जून 2011 में हुई थी। इसका उद्देश्य गरीब ग्रामीण परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
12 नवंबर 2026 तक इस मिशन के तहत करीब 10.13 करोड़ महिलाओं को 94.40 लाख स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा चुका था। ये समूह महिलाओं में बचत की आदत बढ़ाने के साथ बैंकिंग, कर्ज, प्रशिक्षण और कारोबार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करते हैं।
ऐसे महिलाओं की पहचान कर मदद देती है सरकार
योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों और लोकओएस (LokOS) प्लेटफॉर्म के माध्यम से संभावित लखपति दीदियों की पहचान की जाती है। इसके बाद प्रशिक्षित सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (CRP) महिलाओं के परिवार की आमदनी, खर्च और रोजगार के साधनों का आकलन करते हैं।
इस आधार पर महिलाओं के लिए कारोबार की योजना तैयार की जाती है। फिर उन्हें जरूरत के हिसाब से प्रशिक्षण, कर्ज, कामकाज के लिए जरूरी संसाधन और बाजार से जुड़ने में मदद दी जाती है। यह सहायता तीन साल तक दी जाती है। योजना की प्रगति पर केंद्र और राज्य सरकारें डिजिटल रिकॉर्ड के जरिए नजर रखती हैं।
खेती और पशुपालन से लेकर छोटे कारोबार तक के अवसर
योजना के तहत महिलाओं को सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रखा गया है। उन्हें खेती के साथ पशुपालन और दूसरे छोटे कारोबार से भी जोड़ा जा रहा है। बांस उत्पादन, शहद उत्पादन, बकरी पालन, मुर्गी पालन और तसर रेशम जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता वाले रोजगार में शामिल किया गया है।
सरकार का मानना है कि महिलाओं को अलग-अलग तरह के रोजगार से जोड़ने से परिवार की आमदनी बढ़ेगी। इससे खेती पर निर्भरता कम करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
महिलाओं को कारोबार के लिए डिजिटल मदद
योजना को आगे बढ़ाने के लिए सरकार डिजिटल सुविधाओं का भी इस्तेमाल कर रही है। जुलाई 2025 में दीदी बिजनेस प्लान टूल और सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों के लिए वित्तीय साक्षरता ऐप शुरू किया गया। फरवरी 2026 में व्यक्तिगत कारोबार के लिए कर्ज आवेदन की सुविधा शुरू की गई। इसके अलावा मई 2026 में लोकओएस का नया संस्करण जारी किया गया।
29 जून 2026 को उत्पादक समूहों और उद्यमों के लिए एक प्लेटफॉर्म के साथ लखपति दीदी डैशबोर्ड भी शुरू किया गया। इसके जरिए योजना की प्रगति और महिलाओं के कारोबार से जुड़ी जानकारी पर नजर रखी जा सकती है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।