विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Kuno Female Cheetah Gave Birth To Five Cubs Simultaneously Population Increased To 60

कूनो में गूंजी चीतों की नई पीढ़ी की आवाज: मादा चीता ने एक साथ जन्मे 5 शावक... बढ़ी आबादी, संख्या हुई 60

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 05 Oct 2026 04:50 PM IST
सार

कूनो नेशनल पार्क में भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। इसके साथ देश में चीतों की संख्या 60 हो गई है, जिनमें 41 भारत में जन्मे हैं।

मादा चीता ने एक साथ जन्मे 5 शावक
मादा चीता ने एक साथ जन्मे 5 शावक - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में चीता संरक्षण की मुहिम को सोमवार को बड़ी कामयाबी मिली। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में भारत में जन्मी 32 महीने की मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है। इनमें 41 चीते भारत में जन्मे हैं।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि KJP21 भारत में जन्मी तीसरी मादा चीता है, जिसने यहां शावकों को जन्म दिया है। इससे पहले मुखी और KGP12 नाम की भारतीय जन्मी मादा चीताएं भी शावकों को जन्म दे चुकी हैं।

मंत्री ने कहा कि पांच शावकों का जन्म भारत में चीतों की अगली पीढ़ी के विकास की दिशा में अहम पड़ाव है। खास बात यह है कि इन शावकों के पिता बोत्सवाना से लाया गया नर चीता है। इसलिए इनके जन्म के साथ भारत में बोत्सवाना की नई आनुवंशिक वंशावली भी जुड़ी है। 

भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत की धरती पर चीतों की एक और पीढ़ी का जन्म देश में चीता पुनर्वास की कहानी में नया अध्याय जोड़ता है। उन्होंने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े पशु चिकित्सकों, वनकर्मियों, पार्क प्रबंधन और अन्य कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन सभी के समर्पण, मेहनत और लगातार प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन