Drip Irrigation: बोरवेल सूखे, फिर भी नहीं सूखी फसल... ड्रिप सिंचाई बनी 10 हजार किसानों का सहारा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 14 Nov 2026 09:16 AM IST
सार
कर्नाटक के तारिकेरे में ड्रिप सिंचाई परियोजना से 10 हजार से ज्यादा किसानों को फायदा हुआ है। सूखे के बावजूद किसानों ने प्याज और मिर्च की फसल बचाकर अच्छी पैदावार हासिल की।
ड्रिप सिंचाई किसानों को देती है लाभ।
- फोटो : गांव जंक्शन
कर्नाटक के चिकमगलूरु जिले के तारिकेरे क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई (टपक सिंचाई) से 10 हजार से ज्यादा किसानों को फायदा मिल रहा है। इससे सूखे की स्थिति में भी किसानों को अपनी फसलों को बचाने में मदद मिली है। बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस परियोजना के तहत किसान प्याज, मिर्च, रागी और सब्जियों की खेती कर रहे हैं। पानी की उपलब्धता के अनुसार किसानों को तय समय और बारी-बारी से सिंचाई के लिए पानी दिया जा रहा है।
यह सामुदायिक ड्रिप सिंचाई परियोजना नेटाफिम (Netafim) और मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MEIL) की साझेदारी में शुरू की गई है। यह तारिकेरे लिफ्ट सिंचाई योजना का हिस्सा है। इसके तहत चिकमगलूरु जिले के तारिकेरे तालुका के 46 गांवों में 13,594 हेक्टेयर क्षेत्र को ड्रिप सिंचाई से जोड़ने का लक्ष्य है।
इस परियोजना में ऑटोमेटिक सिंचाई व्यवस्था लगाई गई है। इसके जरिए फसल की जरूरत के हिसाब से तय समय पर पानी पहुंचाया जाता है। इससे पानी का सही इस्तेमाल होता है। साथ ही खेती की लागत, मजदूरी और खाद की जरूरत कम करने के साथ फसल उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलती है।
सूखे में भी फसलों को मिला पानी
विष्वेश्वरैया जल निगम लिमिटेड (VJNL) ने चित्रदुर्ग ब्रांच नहर के जरिए परियोजना के लिए पानी उपलब्ध कराया। इससे सूखे से प्रभावित इस साल भी किसानों को ड्रिप सिंचाई के जरिए फसलों तक पानी पहुंचाने में मदद मिली।
नेटाफिम इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी विकास सोनावणे ने कहा कि खेती का भविष्य पानी की हर बूंद का सही इस्तेमाल करने पर निर्भर है। तारिकेरे परियोजना ने दिखाया है कि आधुनिक सिंचाई तकनीक और पानी की बेहतर व्यवस्था से किसानों को मुश्किल समय में भी फसल बचाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि इस साल सामान्य से काफी कम बारिश हुई। इसके बावजूद ड्रिप सिंचाई नेटवर्क से हजारों किसानों को फसलों की सिंचाई करने में मदद मिली। कंपनी का उद्देश्य ऐसी खेती को बढ़ावा देना है, जिसमें कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन मिल सके और किसान मौसम की मार का सामना कर सकें।
प्याज की फसल को बचाने में मिली मदद
बैंकडाकट्टे गांव के किसान मंजुनाथ ने बताया कि प्याज की फसल के लिए नहर से समय पर पानी मिलना काफी फायदेमंद रहा। उनका बोरवेल सूख गया था और फसल में पानी की कमी होने लगी थी। ऐसे में परियोजना के जरिए मिले पानी और ड्रिप सिंचाई की मदद से उन्होंने अपनी फसल बचा ली।
उन्होंने 1.81 हेक्टेयर में प्याज की खेती की थी। इससे उन्हें करीब 480 क्विंटल उपज मिली। प्याज का भाव लगभग 4,000 रुपये प्रति क्विंटल रहा। इसी गांव के एक अन्य किसान बी. रुद्रप्पा ने 0.5 हेक्टेयर में प्याज के साथ मिर्च की खेती की। सूखे के बावजूद उन्हें 75 क्विंटल उपज मिली। उन्होंने बताया कि VJNL की ओर से सही समय पर पानी मिलने से फसल बचाने और अच्छी पैदावार लेने में मदद मिली।
बयान के मुताबिक, कर्नाटक में लिफ्ट सिंचाई और ड्रिप सिंचाई की कई अन्य परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। इनमें से कुछ परियोजनाएं शुरू होने की तैयारी में हैं। इनसे अगले खरीफ सीजन से पहले राज्य के और किसानों को ड्रिप सिंचाई की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।