विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Jharkhand Tea Gardens On Barren Land 80 Thousand Saplings Will Be Planted In Gumla In The First Phase Villa

Jharkhand: बंजर जमीन पर चाय के बागान, गुमला में पहले चरण में लगेंगे 80 हजार पौधे, ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार

गांव जंक्शन डेस्क, गुमला Published by: Devesh Saraswat Updated Sat, 14 Nov 2026 08:17 PM IST
सार

  • झारखंड के गुमला में 30 एकड़ में बनेगा राज्य का पहला चाय बागान
  • पहले चरण में 17.5 एकड़ में लगेंगे 80 हजार चाय के पौधे
  • गांव में ही चाय प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की योजना
  • स्थानीय ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार और स्वरोजगार का मौका
  • नेतरहाट जाने वाले पर्यटकों के लिए बनेगा नया आकर्षण

झारखंड में चाय बागनों से बढ़ेगी किसानों की कमाई।
झारखंड में चाय बागनों से बढ़ेगी किसानों की कमाई। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड के गुमला जिले में खेती को लेकर एक नया प्रयोग शुरू किया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, बिशुनपुर प्रखंड के नर्मा गांव में करीब 30 एकड़ जमीन पर राज्य का पहला चाय बागान विकसित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य मकसद इलाके में नई तरह की फसलों को बढ़ावा देना, लंबे समय से खाली पड़ी बंजर जमीन का सही उपयोग करना और गांव के लोगों के लिए रोजी-रोटी के नए साधन तैयार करना है। इस योजना की प्रगति देखने पहुंचे उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने खुद चाय का एक पौधा लगाकर इस काम की औपचारिक शुरुआत की।

पहले चरण में 17.5 एकड़ जमीन पर लगेंगे 80 हजार पौधे
जिला उद्यान पदाधिकारी के अनुसार, इस परियोजना के पहले दौर में नर्मा की लगभग 17.5 एकड़ जमीन पर 80 हजार चाय के पौधे रोपे जाने का लक्ष्य रखा गया है। मौके पर पौधारोपण का काम तेजी से किया जा रहा है। अधिकारी ने उपायुक्त को जानकारी दी कि जिस जगह यह बागान बन रहा है, वह जमीन काफी समय से बंजर और बेकार पड़ी थी, जिसे अब खेती के उपयोग में लाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बागान में पानी की व्यवस्था, काम की गति और पौधों की सुरक्षा की पूरी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पौधों को लगाने का काम तय मानकों और पूरी गुणवत्ता के साथ हो। साथ ही समय पर सिंचाई, पौधों की नियमित देखरेख और उनके चारों तरफ मजबूत घेराबंदी करने को कहा।

गांव में ही बनेगी चाय बनाने की इकाई, ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार
उपायुक्त दिलेश्वर महतो के अनुसार, जैसे-जैसे पौधे बड़े होंगे, भविष्य में यहां चाय पत्ती तैयार करने वाली एक आधुनिक प्रसंस्करण इकाई (प्रोसेसिंग यूनिट) भी लगाई जाएगी। इस इकाई के शुरू होने से चाय की पत्तियां तोड़ने से लेकर चाय तैयार करने तक का पूरा काम गांव में ही संभव हो सकेगा। प्रशासन की योजना के मुताबिक, इस पूरी व्यवस्था में स्थानीय ग्रामीणों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उन्हें अपने ही गांव में रोजगार और स्वरोजगार मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि खाली पड़ी जमीन का सही इस्तेमाल कर खेती के नए क्षेत्र में कदम बढ़ाना एक अच्छी शुरुआत है और जिला प्रशासन इसे पूरी तरह सफल बनाएगा। आने वाले दिनों में यह बंजर जमीन चाय के हरे-भरे बागान में बदलकर जिले को एक नई पहचान दिलाएगी।

नेतरहाट जाने वाले पर्यटकों के लिए बनेगा आकर्षण का केंद्र
प्रशासन के अनुसार, नर्मा में बन रहा यह चाय बागान पर्यटन के लिहाज से भी काफी फायदेमंद साबित होगा, क्योंकि यह प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नेतरहाट जाने वाले मुख्य रास्ते पर पड़ता है। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दो से तीन वर्षों में जब पौधे पूरी तरह तैयार होकर हरे-भरे बागान का रूप ले लेंगे, तो नेतरहाट आने-जाने वाले सैलानी यहां रुककर चाय की खेती देख सकेंगे। पर्यटकों को बागान में पत्तियां तोड़े जाने और मशीन में चाय तैयार होने की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखने का मौका मिलेगा। इससे इस पूरे इलाके का नाम बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर व्यापार व आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।


विज्ञापन
विज्ञापन