विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Farmer Leader Wrote To Mohan Bhagwat Asking How Much Has Wages Of Farm Laborers Increased In Gujarat

मोहन भागवत को किसान नेता ने लिखा पत्र : पूछा- गुजरात में खेत मजदूरों की मजदूरी कितनी बढ़ी? जारी करवाएं आंकड़े

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 13 Nov 2026 06:58 PM IST
सार

महाराष्ट्र के वरिष्ठ किसान नेता विजय जावंधिया ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत को पत्र लिखकर गुजरात में 25 साल के दौरान खेत मजदूरों की मजदूरी में हुई बढ़ोतरी के आधिकारिक आंकड़े जारी करने की मांग की है।

किसान नेता ने मोहन भागवत से पूछा सवाल
किसान नेता ने मोहन भागवत से पूछा सवाल - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के वरिष्ठ किसान नेता विजय जावंधिया ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत को पत्र लिखकर गुजरात में खेत मजदूरों की मजदूरी में हुई बढ़ोतरी का हिसाब मांगा है। उन्होंने सवाल किया है कि गुजरात में पिछले 25 साल से भाजपा की सरकार है, लेकिन इस दौरान हिंदू खेत मजदूरों की मजदूरी में आखिर कितनी बढ़ोतरी हुई? उन्होंने भागवत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस बारे में आधिकारिक आंकड़े जारी करवाने की अपील करने का आग्रह किया है।

भारतीय किसान संघ के सम्मेलन का भी दिया हवाला
विजय जावंधिया ने मोहन भागवत को भेजे पत्र के साथ फरवरी 2008 में सूरत में हुए भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अधिवेशन का एक संदर्भ भी जोड़ा है। इस अधिवेशन में किसानों के शोषण से जुड़े आंकड़ों वाली भगवा रंग की थैलियां बांटी गई थीं। जावंधिया ने उस थैली की तस्वीर भी पत्र के साथ भेजी है।
2047 में खेत मजदूरों की मजदूरी कितनी होगी?
2047 में खेत मजदूरों की मजदूरी कितनी होगी? - फोटो : गांव जंक्शन
गांव और शहर के बीच बढ़ रही आर्थिक खाई
जावंधिया ने अपने पत्र में देश में बढ़ती आर्थिक असमानता का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने कहा कि आज देश में आठवें वेतन आयोग की चर्चा हो रही है। वहीं, जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने छठे वेतन आयोग का विरोध किया था। हालांकि, केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद सातवां वेतन आयोग लागू किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि 1991 के बाद अपनाई गई आर्थिक नीतियों से शहरों और गांवों के बीच आर्थिक अंतर बढ़ा है। उनके मुताबिक, शहरों का 'इंडिया' तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि ग्रामीण 'भारत' पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने ग्रामीण भारत की स्थिति की तुलना अफ्रीकी देश सोमालिया से करते हुए चिंता जताई है।

2047 में खेत मजदूरों की मजदूरी कितनी होगी?
जावंधिया ने पत्र में कहा कि पिछले 12 वर्षों में कई बड़े वादे और घोषणाएं हुई हैं, लेकिन किसानों से जुड़े बुनियादी सवाल अब भी बने हुए हैं। उन्होंने डॉ. एमएस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को उत्पादन लागत C2 से 50 फीसदी अधिक तय करने और किसानों की आमदनी दोगुनी करने के वादे का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार 2047 तक विकसित भारत बनाने की बात कर रही है, तो उस समय खेत मजदूरों की मजदूरी कितनी होगी? इस बारे में भी केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए।

1975 से उठा रहे हैं मजदूरी बढ़ाने का मुद्दा
जावंधिया ने कहा कि वह 1975 से यह मांग उठाते आ रहे हैं कि खेत मजदूरों की मजदूरी बढ़ाए बिना देश से गरीबी दूर नहीं की जा सकती। साल 2006 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जब वर्धा जिले के वायफड़ गांव पहुंचे थे, तब भी उन्होंने उनके सामने यह मुद्दा उठाया था। अब उन्होंने मोहन भागवत से इस मामले में हस्तक्षेप करने और केंद्र सरकार से गुजरात में हिंदू खेत मजदूरों की मजदूरी में हुई बढ़ोतरी के आधिकारिक आंकड़े जारी करवाने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन