विज्ञापन
Home› Khabar Junction› India S Sugar Production May Fall 15 To 265 Lakh Tonnes In 2026 27

Sugar Production: देश में 15 फीसदी घट सकता है चीनी उत्पादन, 265 लाख टन रहने का अनुमान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 25 Nov 2026 08:38 PM IST
सार

इस्मा के शुरुआती अनुमान के मुताबिक 2026-27 में भारत का सकल चीनी उत्पादन 15 फीसदी घटकर 265.21 लाख टन रह सकता है। गन्ने का रकबा घटने और कमजोर मानसून को इसकी प्रमुख वजह बताया गया है।

इस्मा के मुताबिक, 2025-26 में देश का सकल चीनी उत्पादन 312.13 लाख टन रहा था।
इस्मा के मुताबिक, 2025-26 में देश का सकल चीनी उत्पादन 312.13 लाख टन रहा था। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में 2026-27 के चीनी विपणन वर्ष में चीनी उत्पादन में बड़ी गिरावट आने का अनुमान है। उद्योग संगठन इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के मुताबिक, इस साल सकल चीनी उत्पादन 15 फीसदी घटकर 265.21 लाख टन रह सकता है। चीनी विपणन वर्ष अक्टूबर से सितंबर तक चलता है।

देश में चीनी की सालाना मांग 280 से 285 लाख टन के बीच रहने का अनुमान है। ऐसे में उत्पादन मांग से कम रहने पर खुदरा बाजार में चीनी की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। फिलहाल भी कीमतें ऊंचे स्तर पर हैं।

महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में भी घटेगा उत्पादन
इस्मा के मुताबिक, 2025-26 में देश का सकल चीनी उत्पादन 312.13 लाख टन रहा था। इसमें से 32.42 लाख टन चीनी एथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल की गई थी। इसके बाद शुद्ध चीनी उत्पादन 279.71 लाख टन रहा।

हालांकि, 2026-27 में एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इसलिए इस साल सकल और शुद्ध उत्पादन का अनुमान समान यानी 265.21 लाख टन है। पिछले साल के शुद्ध उत्पादन की तुलना में यह करीब 5 फीसदी कम है।

राज्यवार देखें तो उत्तर प्रदेश में चीनी उत्पादन 95.42 लाख टन से घटकर 88.96 लाख टन रहने का अनुमान है। महाराष्ट्र में उत्पादन 112.45 लाख टन के मुकाबले 86.85 लाख टन रह सकता है।

गन्ने का रकबा भी घटा
इस्मा के मुताबिक, चालू सीजन में गन्ने का कुल रकबा 55.53 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जबकि पिछले सीजन में यह 57.35 लाख हेक्टेयर था। यानी इसमें करीब 3.2 फीसदी की कमी आई है।

उत्पादन का अनुमान लगाने के लिए संगठन ने जुलाई से नवंबर 2026 तक के उपग्रह चित्रों, खेतों के सर्वेक्षण, चीनी मिलों और किसानों से मिले फीडबैक, बारिश, सिंचाई की उपलब्धता, गन्ने की पैदावार और चीनी रिकवरी जैसे पहलुओं का आकलन किया।

संगठन ने कहा कि अल नीनो से जुड़ी जलवायु परिस्थितियों और बेमौसम बारिश के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में फसल की स्थिति प्रभावित हुई है। कुछ इलाकों में कम बारिश और नमी की कमी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश, जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी।
विज्ञापन
विज्ञापन