Home›Khabar Junction›
India Global Leap In Milk Eggs And Meat Production Major Revelation Animal Husbandry Statistics 2025 Report
दूध, अंडा, मांस में भारत की वैश्विक छलांग : पशुपालन सांख्यिकी 2025 रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 28 Nov 2025 02:26 PM IST
सार
भारत आज पशुधन आधारित उत्पादन के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। ताजा आंकड़ों के अनुसार दूध, अंडा, मांस और ऊन उत्पादन में भारत का योगदान न केवल घरेलू खाद्य सुरक्षा को मजबूत करता है, बल्कि वैश्विक बाजार में भी उसकी भूमिका को निर्णायक बनाता है।
केंद्र सरकार के पशुपालन और डेयरी विभाग ने ‘बुनियादी पशुपालन सांख्यिकी 2025’ रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, पशुधन क्षेत्र अब केवल कृषि का सहायक क्षेत्र नहीं रहा, बल्कि यह देश की कृषि अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख इंजन बन चुका है, जहां उत्पादन, डिजिटलीकरण और वैश्विक बाजार में भारत की मजबूत मौजूदगी साफ दिखाई देती है।
भारत आज पशुधन आधारित उत्पादन के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। ताजा आंकड़ों के अनुसार दूध, अंडा, मांस और ऊन उत्पादन में भारत का योगदान न केवल घरेलू खाद्य सुरक्षा को मजबूत करता है, बल्कि वैश्विक बाजार में भी उसकी भूमिका को निर्णायक बनाता है।
दूध उत्पादन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर
भारत विश्व में दूध उत्पादन के मामले में पहले स्थान पर बना हुआ है। देश का अनुमानित कुल दूध उत्पादन 247.87 मिलियन टन तक पहुंच गया है। प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता वर्ष 2024-25 में 485 ग्राम प्रतिदिन हो गई है, जो 2014-15 के 319 ग्राम से कहीं अधिक है। उत्तर प्रदेश (15.66%) इस क्षेत्र में सबसे आगे है, इसके बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र प्रमुख उत्पादक राज्य हैं। वैश्विक स्तर पर भारत की हिस्सेदारी कुल दूध उत्पादन में लगभग 25% है।
अंडा उत्पादन में दूसरा स्थान
भारत अंडा उत्पादन में विश्व में दूसरे स्थान पर है। कुल उत्पादन 149.11 अरब अंडे आंका गया है। प्रति व्यक्ति अंडा उपलब्धता 106 अंडे प्रतिवर्ष पहुंच चुकी है। देश के कुल अंडा उत्पादन में वाणिज्यिक कुक्कुट पालन (पोल्ट्री) का योगदान 84.49% है। सबसे अधिक उत्पादन आंध्र प्रदेश (18.37%) में होता है, इसके बाद तमिलनाडु, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक प्रमुख हैं।
मांस उत्पादन में चौथा स्थान
भारत मांस उत्पादन में विश्व का चौथा सबसे बड़ा देश है। कुल उत्पादन 10.50 मिलियन टन अनुमानित है। इसमें से 5.18 मिलियन टन मांस केवल पोल्ट्री से प्राप्त होता है, जो कुल उत्पादन का लगभग आधा है। मांस उत्पादन में पश्चिम बंगाल (12.46%) शीर्ष पर है, जबकि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना भी प्रमुख राज्य हैं।
ऊन उत्पादन में राजस्थान सबसे आगे
भारत का कुल ऊन उत्पादन 34.57 मिलियन किलोग्राम आंका गया है। इसमें राजस्थान की हिस्सेदारी 47.85% है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है। इसके बाद जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश प्रमुख उत्पादक राज्य हैं।
भारत का पशुधन क्षेत्र न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बना हुआ है, बल्कि दुग्ध, पोल्ट्री और मांस उत्पादन के माध्यम से लाखों किसानों और पशुपालकों की आय को भी मजबूत कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती हिस्सेदारी यह दर्शाती है कि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था को और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।