विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Improvement In Employment Market Unemployment Rate Decreased In October Both Search And Participation For Wo

रोजगार बाजार में सुधार : अक्टूबर में बेरोजगारी दर घटी, गांवों में काम की तलाश और भागीदारी दोनों में बढ़त...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 16 Nov 2026 07:28 PM IST
सार

  • बीते अक्टूबर महीने के दौरान भारत के रोजगार बाजार में सुधार देखने को मिला है
  • आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के अनुसार, अक्टूबर में देश की बेरोजगारी दर घटकर 4.9 प्रतिशत पर पहुंची।
  • काम की तलाश करने में ग्रामीण भारत शहरों से आगे निकला
  • ग्रामीण महिला बेरोजगारी दर घटकर 3.8 प्रतिशत रही, जो साल 2026 का सबसे निचला स्तर है।

अक्तूबर 2026 में भारत के रोजगार बाजार में सुधार।
अक्तूबर 2026 में भारत के रोजगार बाजार में सुधार। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीते अक्टूबर महीने के दौरान भारत के रोजगार बाजार में सुधार देखने को मिला है। इस महीने में देश की कुल बेरोजगारी दर गिरकर 4.9 प्रतिशत पर आई है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के अनुसार, 15 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में बेरोजगारी दर सितंबर के 5 प्रतिशत से घटकर अक्टूबर में 4.9 प्रतिशत रह गई। एक साल पहले अक्टूबर 2025 में यह दर 5.2 प्रतिशत थी।

ग्रामीण इलाकों में मजबूत रोजगार, शहरों में घटी बेरोजगारी
आंकड़ों के मुताबिक, शहरी केंद्रों के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में श्रम बल की भागीदारी और रोजगार में ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई। ग्रामीण बेरोजगारी दर सितंबर के बराबर 4.2 प्रतिशत पर स्थिर रही, जबकि सालाना आधार पर इसमें 0.2 प्रतिशत अंकों का सुधार हुआ। दूसरी तरफ, शहरी बेरोजगारी दर सितंबर के 6.9 प्रतिशत से घटकर अक्टूबर में 6.7 प्रतिशत हो गई, जिसमें सालाना आधार पर 0.3 प्रतिशत अंकों की कमी आई है।

काम की तलाश में ग्रामीण भारत
सर्वेक्षण के अनुसार, काम करने या काम ढूंढने वाले लोगों के प्रतिशत यानी श्रम बल भागीदारी दर में बढ़ोतरी मुख्य रूप से गांवों में दिखी। ग्रामीण एलएफपीआर सितंबर के 58 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 58.4 प्रतिशत हो गया, जो पिछले साल अक्टूबर की तुलना में 0.6 प्रतिशत अंक अधिक है। वहीं, शहरी एलएफपीआर सितंबर के 50.7 प्रतिशत से मामूली घटकर 50.5 प्रतिशत रहा और सालाना आधार पर इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ। देश का कुल एलएफपीआर एक साल पहले के 55.4 प्रतिशत से बढ़कर 55.7 प्रतिशत पर पहुंच गया।

महिलाओं की भागीदारी में ग्रामीण क्षेत्रों ने दिखाया दम
एनएसओ की रिपोर्ट बताती है कि कामकाज में महिलाओं की भागीदारी में भी सुधार हुआ है, खासकर ग्रामीण भारत में। ग्रामीण महिला एलएफपीआर एक साल पहले के 38.4 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 39.5 प्रतिशत हो गया, जबकि शहरी महिला एलएफपीआर 25.4 प्रतिशत से बढ़कर 25.9 प्रतिशत रहा। देश में महिलाओं का कुल एलएफपीआर 35 प्रतिशत पर पहुंच गया, जो फरवरी 2026 के बाद से इसका सबसे ऊंचा स्तर है।

कामकाजी आबादी के अनुपात में लगातार सुधार
रोजगार पाए लोगों यानी श्रमिक जनसंख्या अनुपात (WPR) में भी इसी तरह की बढ़त देखी गई है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, ग्रामीण डब्ल्यूपीआर अक्टूबर 2025 के 55.2 प्रतिशत से बढ़कर 56 प्रतिशत हो गया, जबकि शहरी डब्ल्यूपीआर 47 प्रतिशत से मामूली बढ़कर 47.1 प्रतिशत पर पहुंच गया। कुल डब्ल्यूपीआर एक साल पहले के 52.5 प्रतिशत से सुधरकर 53 प्रतिशत हो गया। महिलाओं के रोजगार के आंकड़े भी मजबूत हुए हैं, जहां ग्रामीण महिला डब्ल्यूपीआर एक साल पहले के 36.9 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत और शहरी महिला डब्ल्यूपीआर 22.9 प्रतिशत से बढ़कर 23.7 प्रतिशत हो गया।

महिलाओं के बीच बेरोजगारी दर में बड़ी गिरावट
एनएसओ के सर्वे के अनुसार, महिलाओं में बेरोजगारी की स्थिति में और सुधार देखा गया है। ग्रामीण महिला बेरोजगारी दर एक साल पहले के 4 प्रतिशत से घटकर अक्टूबर में 3.8 प्रतिशत पर आ गई, जो साल 2026 के दौरान दर्ज किया गया इसका सबसे निचला स्तर है। शहरी महिला बेरोजगारी दर काफी ऊंची होने के बावजूद इसी अवधि में 9.7 प्रतिशत से घटकर 8.7 प्रतिशत पर आ गई।

3.70 लाख से अधिक लोगों की राय पर आधारित हैं आंकड़े
एनएसओ के अनुसार, ये अनुमान कुल 3,70,475 लोगों के सर्वेक्षण पर आधारित हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 2,11,474 और शहरी क्षेत्रों के 1,59,001 प्रतिभागी शामिल थे। यह सर्वेक्षण 'वर्तमान साप्ताहिक स्थिति' (Current Weekly Status) पद्धति का पालन करता है, जिसमें सर्वे से ठीक पहले के सात दिनों के दौरान रोजगार की स्थिति का आकलन किया जाता है।


विज्ञापन
विज्ञापन