विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Imd Weather Alert Heavy Rain Thunderstorm Alert In Several States Snowfall Mountains Weather Of Up And Bihar

IMD Weather Alert: कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट; पहाड़ों पर बर्फबारी, जानें यूपी-बिहार का मौसम

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 02 Nov 2026 08:19 AM IST
सार

IMD Weather Alert 2 November 2026: नवंबर में भी कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। जानें दिल्ली, यूपी, बिहार, दक्षिण भारत और पहाड़ी राज्यों के मौसम का हाल।

बारिश का अलर्ट
बारिश का अलर्ट - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नवंबर का महीना शुरू होने के बाद भी देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 2 नवंबर को कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। वहीं, दिल्ली में आज मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। राज्य के कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने की भी संभावना है। बिहार में चक्रवात 'अर्नब' का असर अब खत्म हो चुका है। मौसम विभाग ने आज राज्य में बारिश या खराब मौसम को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।

झारखंड में ठंड और बंगाल में बारिश के आसार
झारखंड में बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होने लगी है। कुछ इलाकों में कोहरा भी छा सकता है। राज्य में 8 नवंबर तक कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में आज बारिश होने की संभावना है। वहीं, ओडिशा में 4 नवंबर तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश का अनुमान
राजस्थान में नवंबर की शुरुआत के साथ बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 8 नवंबर तक मौसम शुष्क रह सकता है। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में आज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ में भी 4 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में 5 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दक्षिण भारत में भी बारिश का असर बना रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले दिन तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल में 7 नवंबर तक और कर्नाटक के तटीय तथा दक्षिणी आंतरिक इलाकों में 5 नवंबर तक कई जगहों पर बारिश का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 2 और 3 नवंबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश के साथ बर्फबारी
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलने वाला है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में आज बारिश हो सकती है। इन जिलों में 3,400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है।
विज्ञापन
विज्ञापन