विज्ञापन
Home› Khabar Junction› How Weather Across Country On Diwali Rain Some Places Cold In Others Find Out Condition Your State

दिवाली पर कैसा रहेगा देशभर का मौसम? : कहीं बारिश तो कहीं बढ़ेगी ठंड, जानें अपने राज्य का हाल

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 08 Nov 2026 09:44 AM IST
सार

दिवाली 2026 पर देशभर में मौसम कैसा रहेगा? IMD के अनुसार दिल्ली-UP में मौसम साफ रहेगा, जबकि दक्षिण भारत में भारी बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के आसार हैं।

कैसा रहेगा मौसम?
कैसा रहेगा मौसम? - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है, जबकि उत्तर भारत में सुबह और रात के समय तापमान गिरने से ठंड बढ़ने लगी है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने दिवाली के दिन और आने वाले दिनों के लिए देशभर के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। आइए जानते हैं, आपके राज्य में आज मौसम कैसा रहेगा।

दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं, प्रदूषण बढ़ा सकता है परेशानी
देश की राजधानी दिल्ली में दिवाली के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, प्रदूषण के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले दिन भी मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। फिलहाल 13 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं है।

यूपी में सात दिन तक छाया रह सकता है कोहरा, बिहार में बढ़ेगी ठंड
उत्तर प्रदेश में दिवाली के दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, अगले सात दिनों के दौरान कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिल सकती है। बिहार में भी अब ठंड की शुरुआत होने लगी है। सुबह और रात के समय हल्की धुंध के साथ ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 नवंबर तक राज्य में आंधी-तूफान या बारिश की संभावना नहीं है।

झारखंड में दिवाली पर मौसम सामान्य और सुहावना रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छा सकती है। हालांकि, 10 और 11 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है।पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 12 नवंबर के बीच कई जगहों पर बारिश हो सकती है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में मौसम रहेगा साफ
राजस्थान में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इससे पहाड़ी इलाकों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मध्य प्रदेश में आज किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी नहीं किया गया है। प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट होगी, जिससे ठंड का असर बढ़ सकता है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 9 से 13 नवंबर तक बारिश का अनुमान है। वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 नवंबर तक बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में आज और कल बारिश होने का अनुमान है। तेलंगाना में आज हल्की बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक में आज, कल और 13 नवंबर को बारिश के आसार हैं। वहीं, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 8 से 13 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड के पांच जिलों में आज मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में आज और कल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, 10 नवंबर से मौसम बदल सकता है। 10 से 12 नवंबर के बीच राज्य के कुछ इलाकों में बारिश और हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन